बाराबंकी। केंद्र व प्रदेश सरकारी की विभिन्न योजनाओं की प्रगति धरातल पर देखने के लिए अब जिला प्रशासन के अधिकारी गांव में रात्रि विश्राम कर चौपाल लगाएंगे। अधिकारियों के रात्रि विश्राम को लेकर शासन से निर्देश मिलने के बाद प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
किस दिन, किस तहसील के किस गांव में अधिकारियों की रात्रि विश्राम व चौपाल होगा। इसके लिए चार्ट तैयार किया जा रहा है। अधिकारियों की मानें तो नए वर्ष के पहले हफ्ते में इसकी शुरुआत होने जा रही है।
बतातें चले कि करीब दो वर्ष पूर्व तत्कालीन जिलाधिकारी रहे योगेश्वर राम मिश्र के समय शासन के निर्देश पर गांवों में रात्रि विश्राम कर चौपाल लगाई गई थी। लेकिन उसके बाद यह कार्रवाई ठप हो गई। अब एक बार फिर शासन ने इस संबंध में दिशा निर्देश जारी कर दिए हैं।
रात्रि विश्राम के साथ ही चौपाल के माध्यम से गांव में योजनाओं के क्रियान्वयन की हकीकत परखी जाएगी। रात्रि विश्राम का चार्ट तैयार करने के निर्देश जिलाधिकारी अखिलेश तिवारी की ओर से दे दिए गए हैं।
डीएम, एसपी, सीडीओ, एडीएम समेत सभी विभागों के जिम्मेदार अधिकारियों के साथ इस शीतकालीन सत्र का पहला रात्रि विश्राम व चौपाल रामनगर तहसील क्षेत्र के ग्राम ददौरा में होगी। सूत्रों की मानें तो वर्ष 2018 के पहले हफ्ते में इस गांव में चौपाल लगाकर योजनाओं की समीक्षा की जाएगी।
विभागीय जानकारी के अनुुसार अगले माह जनवरी में आने वाली जिले की नोडल अधिकारी डॉ. अनीता भटनागर जैन आगामी 20 तारीख को किसी गांव में रात्रि विश्राम करेंगी। हालांकि इसकी अभी अधिकारी तौर पर घोषणा नहीं हुई है। पर इतना जरूर है कि नोडल अधिकारी के भ्रमण में रात्रि विश्राम के भी निर्देश जारी किए गए हैं।