सीतापुर। निकाय चुनाव ज्यों-ज्यों करीब आ रहा है, नगर पालिका सीतापुर में अध्यक्ष पद के लिए भाजपा से टिकट पाने की होड़ बढ़ती जा रही है। कैडर के अलावा बाहरी दावेदार भी भगवा झंडा थामकर मैदान मारने की जुगत भिड़ा रहे हैं।
नगर पालिका सीतापुर का अध्यक्ष पद इस बार अनारक्षित है। निकाय चुनाव के मद्देनजर आने वाली 25 अक्तूबर से अधिसूचना लागू होने के कयास लगाए जा रहे हैं। लिहाजा, चुनावी माहौल गर्म होता जा रहा है। चुनाव मैदान में किस्मत आजमाने का मूड बना चुके संभावित दावेदारों ने समीकरण अपने-अपने मुताबिक बनाने की जुगत भिड़ानी शुरू कर दी है। शहर के प्रमुख व्यवसायी भी टिकट पाने की कोशिश कर रह हैं। भाजपा से टिकट हासिल करने वाले दावेदारों की तादाद दहाई में पहुंच चुकी है। इन दिनों करीब 16 दावेदार भगवा थामने को लालायित होकर संगठन पदाधिकारियों से लेकर पार्टी के विधायक, सांसद के अलावा मंत्रियों तक से आशीर्वाद लेने में जुटे हुए हैं। भाजपा के किसी दिग्गज नेता से जुगाड़ लगाने को सीतापुर से लखनऊ तक दावेदार भागदौड़ कर रहे हैं। मोदी लहर के सहारे चुनावी वैतरणी पार करने की मंशा लेकर भाजपा का टिकट हथियाने वालों में जिलाध्यक्ष अजय गुप्ता की पत्नी मीना गुप्ता, पूर्व प्रत्याशी राजू अग्रवाल, साकेत मिश्रा, मोनू सहगल, आशीष मिश्रा, परीक्षित त्रिपाठी, जितेंद्र गुप्ता, अनुपम राठौर, राजेश शुक्ल, अचिन मेहरोत्रा, महेंद्र कुमार, पूनम मिश्रा के नाम अब तक सामने आए हैं।