अमेठी। क्षेत्र में ममता को शर्मसार करने वाली घटना प्रकाश में आई है। मोहल्ला कटरा राजा हिम्मत सिंह स्थित बीआरओ के पास कूड़े के ढेर में एक नवजात बच्ची मिली।
बच्ची के आसपास मंडरा रहे कुत्तों ने उसे जख्मी कर दिया था। नवजात का शोर सुनकर मौके पर पहुंचे आसपास के लोगों ने मामले की सूचना यूपी 100 को दी।
पुलिस ने मासूम को स्थानीय सीएचसी में भर्ती कराया। सीएचसी प्रभारी ने बताया कि लखनऊ से चाइल्ड केयर टीम को बुलाया गया है।
शुक्रवार रात करीब 12 बजे शहर के कटराराजा हिम्मत सिंह मोहल्ला स्थित बीआरओ के पास एक नवजात कूड़े के ढेर में पड़ी चिल्ला रही थी।
नवजात का शोर सुनकर आसपास के लोग जब मौके पर पहुंचे तो नवजात कुत्तों से चारों ओर घिरी थी। लोगों ने कुत्तों को भगाया। कुत्तों ने नवजात के चेहरे को पंजों से जख्मी कर दिया था।
मामले की सूचना यूपी 100 को दी। पुलिस ने घायल बच्ची को स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। सीएचसी अधीक्षक डॉ. पीके उपाध्याय ने बताया कि नवजात बच्ची इलाज के बाद स्वस्थ है।
मासूम के शरीर पर कुत्तों के पंजों से मामूली खरोच आई है। लखनऊ से चाइल्ड केयर टीम आई है। बच्ची को उसके सुपुर्द करने की कार्रवाई की जा रही है।