बभनान (गोंडा)। बस्ती से इलाहाबाद के बीच चलने वाली मनवर संगम ट्रेन का 25 मई से बभनान स्टेशन पर ठहराव होना था। लेकिन यह ट्रेन शुक्रवार को इलाहाबाद से ही 10 घंटे लेट हो गई जिसके चलते बस्ती सांसद हरीश द्विवेदी बभनान स्टेशन पर बिना ट्रेन के आए उसका औचारिक उद्धाटन करके वापस चले गए। मनवर संगम ट्रेन का संचालन भाजपा शासनकाल में ही हुआ था।
इस ट्रेन का गौर व टीनिच जैसे छोटे स्टेशनों पर ठहराव था, लेकिन लाखों रुपए रोजाना आय देने वाले बभनान स्टेशन पर ठहराव नहीं होता था। विगत एक सप्ताह पूर्व बस्ती स्टेशन पर एक कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रवासियों तथा सांसद हरीश द्विवेदी की मांग पर रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा ने मनवर संगम एक्सप्रेस के बभनान स्टेशन पर ठहराव का आश्वासन दिया था।
शुक्रवार को उद्घाटन के दिन ट्रेन इलाहाबाद से ही 10 घंटे लेट चली। जिसके कारण सांसद बस्ती हरीश द्विवेदी भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ शाम पांच बजे बभनान स्टेशन पहुंचे। इस दौरान स्टेशन पर मौजूद यात्रियों और कस्बावासियों को संबोधित करते हुए भाजपा सरकार के 4 साल की उपलब्धियों को बताया। सांसद ने कहा कि इस ट्रेन से सबसे ज्यादा लाभ छात्र, वादकारियों, व्यापारियों और तीर्थ यात्रियों को मिलेगा।
व्यापारियों ने हावड़ा काठगोदाम, छपरा मथुरा तथा गोरखधाम ट्रेन के ठहराव तथा मनवर संगम के समय सारणी में बदलाव की मांग की। सांसद ने आश्वासन दिया है। कार्यक्रम में प्रमुख रुप से जटाशंकर शुक्ला, राधेश्याम कमलापुरी, चंद्रभान शुक्ला, संतोष शुक्ला चंद्रभान यादव, स्कंद शुक्ला, विजय व्यास, राकेश गुप्ता, राजेश, हीरा लाल गुप्ता, स्टेशन अधीक्षक राघवेंद्र चतुर्वेदी, पुलिस व अनेक जवान मौजूद थे।