एटीएम कार्ड चुराकर 20 हजार रुपये उड़ाए
रायबरेली। लालगंज कोतवाली क्षेत्र के पूरे चैन मजरे कुम्हड़ौरा ग्राम निवासी एक युवक का उचक्कों ने एटीएम कार्ड चुराकर उसके खाते से 20 हजार रुपये उड़ा दिए। पीड़ित युवक ने कोतवाली में तहरीर दी है मगर पुलिस ने अभी रिपोर्ट नहीं दर्ज की है।
पूरे चैन गांव निवासी राजकुमार तिवारी का देना बैंक की लालगंज शाखा में खाता है। राजकुमार सोमवार को बाजार गया था, जहां किसी ने उसकी जेब से एटीएम कार्ड चुरा लिया। एटीएम कार्ड के कवर पर ही पिन कोड लिखा था।
कुछ देर बाद राजकुमार के मोबाइल पर बैंक खाते से 20 हजार रुपये निकलने का एसएमएस आया तब उसे एटीएम कार्ड चोरी होने की जानकारी हुई। इस पर राजकुमार ने तुरंत बैंक जाकर अपना खाता ब्लॉक कराया।
उसने कोतवाली में अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है। लालगंज इंस्पेक्टर रवेन्द्र सिंह का कहना है कि, मामले की जानकारी नहीं है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।