एक्सपर्ट की टीम को खोजे नहीं मिले आदमखोर कुत्ते
सीतापुर। खैराबाद थाना क्षेत्र में आदमखोर कुत्तों की तलाश गुरुवार को भी जारी रही। पूरे दिन संयुक्त टीम ने खोजबीन की मगर कुत्ते उनके हाथ नहीं लगे।
रेंजर एके पांडेय के नेतृत्व में गुरुवार को भी वन विभाग, नगर पालिका व प्रशासन की संयुक्त टीम खैराबाद क्षेत्र में निकली।
इस दौरान टीम ने करीम नगर, कजियापुर, बिनौरा, महेशपुर, पहाड़पुर, बद्री खेड़ा, कोलिया आदि गांवों के आसपास आदमखोर कुत्तों की तलाश की।
टीम के साथ क्षेत्र के ग्रामीण भी लगे थे। हालांकि इस दौरान टीम को कोई सफलता नहीं मिली। क्षेत्र के प्रत्येक गांवों के ग्रामीणों की टोली भी लाठी-डंडे के साथ खेतों में आदमखोर कुत्तों को तलाशती नजर आई।
रेंजर ने बताया कि, बुधवार को तीन कुत्तों के ट्रैंक्युलाइज होने के कारण अब कुत्ते सतर्क हो गए हैं। यही वजह है कि वे तलाशे नहीं मिल रहे हैं। हालांकि नजर रखी जा रही है। जल्द ही अन्य आदमखोर कुत्तों को भी पकड़ लिया जाएगा।
एसडीएम शशांक त्रिपाठी ने बताया कि, आदमखोर कुत्ते पकड़ने के लिए डॉग कैचर का इंतजाम किया जा रहा है। वहीं, एक्सपर्टों की मदद से अन्य उपायों पर भी ध्यान दिया जा रहा है। जल्द ही क्षेत्र के सभी आदमखोर कुत्तों को पकड़ लिया जाएगा।