गोंडा। हिसार से गोरखपुर जा रही गोरखधाम सुपरफास्ट एक्सप्रेस में गुरुवार को सफेदाबाद रेलवे स्टेशन के पास खडी़ ट्रेन में तीन युवकों ने महिला कोच में घुसकर महिला यात्रियों से लूटपाट की। तीनों युवकों ने महिलाओं से पर्स और जेवर छीन लिए। विरोध करने पर युवकों ने महिला यात्रियों के साथ मारपीट भी की। महिलाओं के शोर मचाने पर पास के कोच में मौजूद सुरक्षा बल के जवान मौके पर पहुंच गए। सुरक्षा बल के जवानों को देखकर तीनों बदमाश लूटा गया सामान छोड़कर भाग निकले। जवानों ने बदमाशों की पहचान कराई तो एक महिला यात्री ने लूटपाट करने वाले एक बदमाश को पहचान लिया। इस मामले में महिला यात्री के बेटे ने गोंडा जीआरपी में एक युवक को नामजद करते हुए तीन बदमाशों के खिलाफ डकैती, मारपीट व बलवा करने की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
गोरखपुर की रहने वाली वंदना पांडेय बुधवार को दिल्ली से गोरखपुर जाने के लिए गोरखधाम सुपरफास्ट एक्सप्रेस में महिला कोच में सवार हुई थीड्ड। उनका बेटा दीपक बगल वाले कोच में बैठा था। वंदना ने बताया कि गुरुवार को दोपहर करीब दो बजे ट्रेन सिग्रल न होने के कारण सफेदाबाद स्टेशन के निकट खड़ी थी। इसी बीच तीन युवक महिला कोच में आ धमके और महिला यात्रियों के साथ धक्कामुक्की करते हुए लूटपाट शुरू कर दी। बदमाश महिलाओं से उनके पर्स व जेवर छीनने लगे। वंदना से भी बदमाशों ने उनका पर्स छीनने की कोशिश की। उन्होंने विरोध किया तो बदमाशों ने मारपीट की। इस पर अन्य महिलाएं भी हिम्मत करके शोर मचाने लगीं। शोर सुनकर बगल के कोच में मौजूद सुरक्षाबल के जवान विजय कुमार, शैंलेंद्र मिश्रा व परवेज खान मौके पर पहुंच गए। सुरक्षा बल के जवानों को देखकर तीनों बदमाश लूटा गया सामान छोड़कर भाग निकले। ट्रेन के गोंडा पहुंचने पर जीआरपी ने महिला से बदमाशों की पहचान कराई तो उसने एक बदमाश को पहचान लिया। इस पर महिला के बेटे दीपक पांडेय ने बाराबंकी जिले के दरगाह थाना क्षेत्र के रहने वाले अफसर अली समेत तीनों बदमाशों के खिलाफ जीआरपी में डकैती, मारपीट व बलवा किए जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। जीआरपी इंस्पेक्टर अजय कुमार श्रीवास्तव व आरपीएफ इंस्पेक्टर एमए खान ने बताया कि मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। बदमाशों की धरपकड़ के लिए पुलिस टीम लगाई गई है।