बहराइच/गायघाट। गंगापुर गांव के निकट नहर में बाघ का शव उतराता मिला था। शव को बुधवार देर रात बाहर निकाला गया। बाघ के नर होने की पुष्टि हुई है। पोस्टमार्टम के लिए शव को बरेली वन्यजीव संस्थान भेजा गया है।
उसके शरीर पर चोटों के निशान नहीं मिले हैं। इससे जहरीला पदार्थ खाने से बाघ के मौत की आशंका जताई जा रही है। जंगल की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
कतर्नियाघाट संरक्षित वन क्षेत्र के ककरहा रेंज अंतर्गत गंगापुर गांव के निकट सरयू नहर की शाखा में बुधवार शाम को एक बाघ का शव उतराता मिला था।
मौके पर पहुंचे फील्ड डायरेक्टर सुनील चौधरी की मौजूदगी में देर शाम शव को नहर से बाहर निकाला गया। तब बाघ के नर होने की पुष्टि हुई।
फील्ड डायरेक्टर ने बताया कि शव को सील कर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में पोस्टमार्टम के लिए बरेली वन्यजीव संस्थान भेज दिया गया है। वहां पर डॉक्टरों का पैनल पोस्टमार्टम करेगा। पोस्टमार्टम में उसके मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया पॉयजनिंग का केस लग रहा है। बाघ किस रेंज का है, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। फील्ड डायरेक्टर ने कहा कि हाल ही में हुए कैमरा ट्रैपिंग से बाघ के वास्तविक रेंज का पता लगाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि फिलहाल जंगल की सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके तहत प्रत्येक बीट में सघन गश्त की जा रही है।
तेंदुए ने दो बकरियों को बनाया निवाला
गायघाट। कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के मोतीपुर रेंज अंतर्गत सेमरहना गांव में बुधवार रात पहुंचे तेंदुए ने जेठा सिंह के घर के बरामदे में बंधी दो बकरियों को निवाला बनाया।
परिवारीजन व गांव के लोगों ने शोर मचाया तो तेंदुआ गन्ने के खेत में चला गया। इससे लोग दहशतजदा रहे।