लखनऊ। साइबर ठगों ने टेलीग्राम एप के जरिये टास्क करने के नाम पर मड़ियांव की प्रियदर्शनी कॉलोनी निवासी जाह्नवी मिश्रा से 1.79 लाख रुपये ठग लिए। पीड़िता ने मड़ियांव थाने में तहरीर दी है।
जाह्नवी मिश्रा के मुताबिक, 22 अगस्त 2025 को उन्हें टेलीग्राम ऐप पर नेक्सस नामक ग्रुप में जोड़ा गया। वहां उन्हें ऑफर दिया गया कि तीन टास्क पूरे करने पर उन्हें हर महीने 50 हजार रुपये सैलरी मिलेगी। पहले टास्क के नाम पर 5,599 रुपये का भुगतान कराया गया। इसके बाद 32,000 रुपये और 67,000 रुपये का भुगतान अलग-अलग बहाने से करवाया गया। पीड़िता ने कुल 1,04,599 रुपये ट्रांसफर कर दिए। जाह्नवी के मुताबिक ठगों ने कहा कि उन्होंने गलत ऑर्डर खरीदा है, इसलिए रिपेयर टास्क करना होगा। फिर भावनात्मक दबाव बनाकर 31 अगस्त को 74,599 रुपये और ट्रांसफर करा लिए। पीड़िता ने बताया कि इसके बाद आरोपी ने वेरिफिकेशन के नाम पर उनकी पर्सनल फोटो और आईडी मांगनी शुरू कर दी। मना करने पर आरोपी ने खुद कबूल किया कि ग्रुप के सभी सदस्य वह खुद है और सारी आईडी वही चला रहा है। जाह्नवी के अनुसार ग्रुप में अब भी करीब 444 लोग जुड़े हैं और रोज नए टास्क डाले जा रहे हैं। इंस्पेक्टर मड़ियांव शिवानंद मिश्रा ने बताया कि तहरीर के आधार पर शुक्रवार को मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच की जा रही है। (संवाद)