शिक्षकों की पिटाई से आहत 10वीं के छात्र ने लगाई फांसी
बलरामपुर। व्हाट्सएप पर आपत्तिजनक मेसेज भेजने पर शिक्षक ने पीटा तो हाईस्कूल के छात्र ने फांसी लगाकर जान दे दी। छात्र के पिता की तहरीर पर दोनों शिक्षकों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। दोनों आरोपी शिक्षक फरार हैं।
महाराजगंज तराई थाना क्षेत्र के नरायनपुर निवासी ब्रह्मादीन सोनी का बेटा नीरज सोनी (16) मातेश्वरी कन्या इंटर कॉलेज जहानडीह में कक्षा 10 का छात्र है। शुक्रवार शाम नीरज घर पहुंचा तो वह गुमसुम नजर आ रहा था।
कुछ देर बाद ही नीरज छत पर चला गया और वहां पड़ी स्टिक से प्लास्टिक की रस्सी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। कुछ देर बाद जब परिवारीजन नीरज को ढूंढते हुए छत पर पहुंचे तो वह फंदे से लटक रहा था।
घर वाले उसे उतारकर इलाज के लिए अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घर पहुंचकर परिवारीजनों देखा तो उसकी पीठ पर चोट के काफी निशान थे।
ब्रह्मादीन का आरोप है कि करीब एक सप्ताह पूर्व स्कूल के शिक्षक शिवेंद्र सिंह व प्रिंस पांडेय से मोबाइल को लेकर नीरज से विवाद हुआ था। फेक आईडी व मेसेज को लेकर दोनों ने नीरज की पिटाई भी की थी।
जिससे क्षुब्ध होकर मेरे बेटे ने फांसी लगाकर जान दी है। पिता ने दोनों शिक्षकों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।
मामले में प्रभारी निरीक्षक गंगेश शुक्ला का कहना है कि पिता की तहरीर पर आरोपी शिक्षक शिवेंद्र सिंह तथा प्रिंस पांडेय के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है।
दोनों आरोपी फरार हैं। उनकी तलाश की जा रही है। तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ला ने घर पहुंच परिवारीजनों को सांत्वना दी।
...तो छुट्टी होने के बाद कहां गायब था मृतक
विद्यार्थियों के मुताबिक स्कूल की छुट्टी दोपहर 12.50 पर हो जाती है। लेकिन नीरज सोनी घर शाम को पहुंचा था। मात्र चंद कदम दूर स्कूल से छूटने के बाद नीरज इतनी देर तक आखिर कहां गायब था।
नाम न छापने की शर्त पर स्कूल के विद्यार्थियों ने बताया कि दोनों आरोपी शिक्षक मृतक को बाइक पर बैठाकर अपने साथ ले गए थे। दोनों आरोपियों के पिता पुलिस कर्मी हैं तथा इनका आवास महाराजगंज तराई थाना परिसर में ही है।
दोनों शिक्षक ने नीरज को वहां ले गए थे। हालांकि प्रभारी निरीक्षक गंगेश शुक्ला का कहना है कि आरोपियों के आवास पर क्या हुआ इसकी जानकारी मुझे नहीं है।
स्कूल में मोबाइल लाने व आपत्तिजनक पोस्ट को लेकर बढ़ा विवाद
छात्र मोबाइल लेकर स्कूल आता था। शिक्षकों ने इस पर आपत्ति जताई थी। इस बात से नाराज नीरज ने सोशल मीडिया पर फेक आईडी बनाकर आरोपी शिक्षकों के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट डाली।
इसी बात को लेकर शिक्षकों और नीरज में विवाद था। इसकी शिकायत छात्र के परिवारीजनों से भी की गई थी। स्कूल प्रबंधन ने छात्र को स्कूल से निकालने की चेतावनी भी दी थी।
हर पहलू की होगी जांच
नीरज को बाइक पर लादकर आरोपियों के थाना परिसर स्थित आवास ले जाने के मामले की जांच का आदेश दिया गया है। यदि ऐसा साबित हुआ तो आरोपियों के परिवारीजनों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
राजेश कुमार राय, एसपी, बलरामपुर