प्रधान के कोल्ड स्टोर में छापा, 9 क्विंटल गेहूं पकड़ा
जगतपुर (रायबरेली)। एडीएम (वित्त एवं राजस्व) डॉ. राजेश प्रजापति ने शुक्रवार को नवाबगंज गांव के प्रधान के शिव कोल्ड स्टोर में छापा मारा।
इस दौरान कोल्ड स्टोर में नौ क्विंटल 25 किलो गेहूं पकड़ा गया। कोल्ड स्टोर से मिले गेहूं की बोरियों में उत्तर प्रदेश सरकार खाद्य एवं रसद विभाग लिखा हुआ है। प्रधान का कहना है कि कोल्ड स्टोर में रखा गया गेहूं एमडीएम का है।
डीएम संजय कुमार खत्री के निर्देश पर एडीएम ने अचानक छापा मारा। सूचना पर तहसीलदार ऊंचाहार अशोक कुमार यादव, नायब तहसीलदार रामदेव और जिला पूर्ति विभाग कार्यालय के वरिष्ठ लिपिक अमित कुमार, सप्लाई इंस्पेक्टर सुखदेव सिंह सदर भी मौके पर पहुंच गए।
एडीएम की जांच के दौरान कोल्ड स्टोर से 18 बोरियों में नौ क्विंटल 25 किलो गेहूं मिला। बोरियां सील बंद थी। यह राशन जगतपुर कोटेदार राजेश कुमार को सुपुर्द कर दिया गया।
ग्राम प्रधान एवं कोल्ड स्टोर मालिक धीरज सिंह ने बताया कि शिव कोल्ड स्टोर में रखा गेहूं एमडीएम का है। नायब तहसीलदार रामदेव ने बताया कि जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।