खड्ड में पलटी ट्रैक्टर-ट्रॉली, अधेड़ की मौत, 12 घायल
रायबरेली। महराजगंज कोतवाली क्षेत्र में सोमवार को ट्रैैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क किराने खड्ड में पलट गई। हादसे में ट्रॉली पर सवार एक अधेड़ व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 12 लोग घायल हो गए। ये सभी लोग अहोरवा भवानी मंदिर में बच्चे का मुंडन कराकर लौट रहे थे।
कोतवाली क्षेत्र के पूरे नायब मजरे कैड़ावा निवासी परीदीन यादव (50) के परिवार में सोमवार को एक बच्चे का मुंडन था। परिवार के लोग मुंडन कराने के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली से अमेठी के सिंहपुर ब्लॉक स्थित अहोरवा भवानी मंदिर गए थे। वहां से मुंडन कराने के बाद सभी लोग लौट रहे थे।
मऊगर्वी गांव के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड्ड में पलट गई। हादसे में ट्रॉली पर सवार परीदीन यादव की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि गुड़िया (15), रोशनी (8), चांदनी (6), कल्लू (4) पुत्रगण दिनेश कुमार, बिंदादेई (45) पत्नी परीदीन, संजय (16), अमित (12), मोहनी (10) पुत्री उदयराज समेत 12 लोग घायल हो गए। घायलों को सीएचसी महराजगंज में भर्ती कराया गया।
कोतवाल आरके सिंह ने बताया कि, सभी लोग अहोरवा भवानी मंदिर से लौट रहे थे। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। ट्रैक्टर चालक हादसे के बाद भाग गया। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।