युवक को सरेराह गोली से उड़ाया
सीतापुर। मिश्रिख कोतवाली क्षेत्र में रविवार को हमलावरों ने बाइक सवार युवक को सरेराह गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। वारदात के बाद हमलावर बाइक से भाग गए। पुलिस ने मौका मुआयना कर छानबीन शुरू कर दी है। वहीं, दिनदहाड़े हुई इस वारदात से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
मिश्रिख कोतवाली क्षेत्र के ग्राम अमजदपुर निवासी सोनू (24) दो दिन पहले अपनी ससुराल मिश्रिख क्षेत्र के ग्राम बदौआ शिवथान गया था।
रविवार को वह बाइक से अपने घर लौट रहा था। रास्ते में मिश्रिख कुतुब नगर मार्ग पर शिवथान मोड़ के पास कई हमलावरों ने सोनू को रोक लिया और उसकी कनपटी पर असलहा सटाकर गोली मार दी। इससे सोनू बाइक समेत सड़क पर गिर गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
हादसे के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। सूचना पाकर प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल में जुट गए।
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि, संभावना है कि हमलावर भी बाइक पर सवार थे और सोनू का पीछा कर रहे थे। सुनसान स्थान देख सोनू की हत्या कर भाग गए। हमलावर कितने थे और किन कारणों से सोनू का कत्ल किया, इस बारे में पता लगाया जा रहा है।
प्रभारी निरीक्षक ने कहा कि, जल्द ही घटना का राजफाश कर लिया जाएगा। समाचार लिखे जाने तक इस संबंध में पीड़ित परिवार ने किसी के खिलाफ कोई तहरीर नहीं दी थी।