श्रावस्ती। श्रावस्ती महोत्सव में कार्यक्रमों के चयन की प्रक्रिया पूरी हो गई। कार्यक्रम में स्थानीय ग्रामीणों का झुमड़ा व सफेरा नृत्य के साथ फिल्मी सितारों की आवाज गूंजेगी। भगवान बुद्ध के जीवन चरित्र को दिखाने के लिए लेजर शो होगा।
महोत्सव में स्कूली छात्र से लेकर ग्रामीणों के प्रतिभाग को लेकर मॉडल तैयार किया गया है। इसमें स्थानीय कलाकारों के साथ स्थानीय कामगारों को भी मौका मिलेगा। कार्यक्रम का आयोजन 24 से 26 फरवरी तक होगा।
इसके बाद महोत्सव स्थानीय मेला के रूप में परिवर्तित होकर चार दिनों तक और चलता रहेगा। पूरे कार्यक्रम स्थल पर सौ से अधिक स्टाल बनाए जा रहे हैं। यह स्टाल पहले आओ पहले पाओ के आधार पर आवंटित होेंगे।
इसके लिए एक सामान्य शुल्क भी लिया जाएगा। इस स्टाल में व्यापारी दुकानें लगा सकेंगे। उत्तर प्रदेश के सभी जनपदों में वन डिस्ट्रिक वन प्रोडेक्ट को तैयार करने वाले लोगों को भी आमंत्रित किया जाएगा।
झूला व बच्चों के आकर्षण वाले सभी गतिविधियों को लगाने की अनुमति मिलेगी। विभाग भी अपना अपना स्टाल लगाकर विभागीय योजनाओं की जानकारी लोगों को उपलब्ध कराएंगे।
बड़े सितारे करेंगे शिरकत
पहले दिन कविता पोडवाल भजन संध्या कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगी। इसी के बाद भगवान बुद्ध के जीवन चरित्र को दिखाने के लिए लेजर शो होगा। यह लाइट व साउंड आधारित कार्यक्रम होगा।
दूसरे दिन मैजिक के साथ लाफ्टर शो प्रस्तुत किया जाएगा। इसी दिन उत्तर मध्य सांस्कृतिक विभाग द्वारा कालवेरिया नृत्य के साथ दो अन्य कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए जाएंगे।
तीसरे दिन बालीवुड सितारों की ओर से संगीत सुधा नाइट पर कार्यक्रम होगा। इसमें शारदा पंडित, उदित नारायण, कुमार शानू व मालिनी अवस्थी के नामों पर विचार किया जा रहा है। इन कार्यक्रमों की बीच स्थानीय कलाकार भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे।
थारू नृत्य भी रहेगा आकर्षण का केंद्र
श्रावस्ती जिले में प्रसिद्ध हुड़का जोड़ी व झुमड़ा (दोनों लुप्त होने के कगार पर) व बलरामपुर का सफेरा नृत्य पेश किया जाएगा। इसके अलावा थारू जनजाती पारंपरिक नृत्य कला से लोगों को आकर्षित करेंगे।
श्रावस्ती, बहराइच, बलरामपुर के साथ ही अन्य जनपदों के स्कूली छात्रों को भी पेंटिंग, वाद विवाद में गोष्ठी में प्रतिभाग करने का मौका मिलेगा।
संपर्क के लिए जल्द जारी होगा ईमेल व मोबाइल नंबर
श्रावस्ती महोत्सव में प्रतिभाग के लिए कलाकारों, व्यापारियों व अन्य लोगों के लिए जल्द ही हेल्प डेस्क बनाया जाएगा। इसके तहत मोबाइल नंबर व जिले की वेबसाइट पर सूचना व फार्म उपलब्ध कराने के लिए आईकान बनेगा। व्यापारी व कलाकार उपलब्ध फार्म पर आवेदन करके अपने लिए स्थान सुरक्षित करा सकते हैं।
-दीपक मीणा जिलाधिकारी