फैजाबाद। सूबे के पंचायती राज्य मंत्री भूपेंद्र सिंह ने शनिवार को मंडल के अधिकारियों के साथ स्वच्छ भारत मिशन अभियान की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि अभियान की कमियों में सुधार करके निर्धारित समय में जिले को खुले में शौच मुक्त कराएं।
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित मंडलीय समीक्षा बैठक में मंत्री ने मंडल के जिलों में खुले में शौच मुक्त अभियान के साथ नई ग्राम विकास योजना की समीक्षा की। सुल्तानपुर में शौचालय निर्माण की प्रगति धीमी होने पर नाराजगी जताई। इसी तरह बाराबंकी में ओडीएफ की धीमा प्रगति पर टिप्पणी की। वहीं फैजाबाद और अमेठी में नई ग्राम विकास योजना में अब तक ग्राम प्रधानों का प्रशिक्षण न होने पर असंतोष जताया। बताया गया है कि दो अक्टूबर 2018 तक प्रदेश के सभी जिलों को खुले में शौच मुक्त किए जाने का लक्ष्य है। बैठक में उपनिदेशक पंचायत हरिकेश बहादुर के साथ सभी जिलों के जिला पंचायत राज अधिकारी, फैजाबाद में एसबीएम के क्वार्डिंनेटर दीपक, डीपीएम उपेंद्र तिवारी, सभी जिलों के सहायक विकास अधिकारी पंचायत शामिल थे।