फैजाबाद। जनपद में शनिवार को अलग-अलग स्थानों पर हुए हादसों में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक घायल हो गया।
हैरिंग्टनगंज पुलिस चौकी क्षेत्र के ग्राम मवई कलां पूरे लदई का पुरवा निवासी सुनील कुमार यादव (25) गांव के ही पवन तिवारी (19) के साथ खड़भड़िया चौराहे पर स्थित डेयरी पर दूध देने बाइक से जा रहे थे। जैसे ही वह खड़भड़िया चौराहे पर पहुंचे, तभी अचानक खजुरहट-मिल्कीपुर मार्ग पर आ रहे एक ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में सुनील की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पवन घायल हो गया। घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मिल्कीपुर में भर्ती कराया गया है। हैरिंग्टनगंज चौकी प्रभारी राजेश यादव ने बताया कि मौके से चालक वाहन को छोड़कर फरार हो गया। ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है।
उधर, पूराकलंदर थाना क्षेत्र के फैजाबाद-रायबरेली हाइवेे पर नौआं का कुआं के पास शनिवार शाम तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। चालक ट्रक को मौके पर छोड़कर भाग गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लिया है। हादसा शनिवार शाम पांच बजे हुआ। जब इनायतनगर थाना क्षेत्र के मजनाई गांव निवासी इंद्रेश शुक्ला (26) पुत्र प्रभात कुमार शुक्ला फैजाबाद से अपने घर जा रहा था। रायबरेली मार्ग पर नौआं का कुआं चौराहे से जैसे ही आगे बढ़े तो वे एकल दिशा में जा रहे तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। दरोगा श्रीनिवास पांडे ने बताया कि इस मामले में अभी तहरीर नहीं मिली है। ट्रक को कब्जे में लिया गया है, जबकि चालक फरार हो गया। बताया जाता है कि हादसे के शिकार हुए बाइक सवारों ने हेलमेट नहीं लगाया था।
आलू लदा ट्रक पलटा, बाल-बाल बचे ड्राइवर व खलासी
थाना कैंट अंतर्गत कोटसराय गांव के पास सुबह करीब 9:30 बजे आलू से भरा ट्रक डिवाइडर से टकराकर पलट गया। हादसे में ट्रक पर सवार ड्राइवर व खलासी दोनों बाल-बाल बच गए। हादसे के बाद फैजाबाद-लखनऊ राजमार्ग पर जाम लग गया। मौके पर पहुंची थाना कैंट पुलिस द्वारा करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद जाम ट्रक व आलू को हटवाकर जाम खुलवाया जा सका। थाना प्रभारी राजेश सिंह ने बताया कि हादसे में कोई घायल नहीं हुआ।