बाराबंकी। जिले में दो नए विद्युत उपकेंद्र शुरू होने के साथ ही यहां पर दो अधिशाषी अभियंताओं की तैनाती भी कर दी गई है। हैदरगढ़ व रामनगर में उपकेंद्र शुरू होने से जिले में अब पांच उपकेंद्रों से बिजली सप्लाई की जा रही है।
अभी तक जिले में नवाबगंज, फतेहपुर व रामसनेहीघाट में विद्युत विभाग के सब डिविजन कार्यालय चल रहे थे। इन तीनों विद्युत उपकेंद्रों से रामनगर, सिरौलीगौसपुर व हैदरगढ़ क्षेत्रवासियों को विद्युत सप्लाई दी जा रही थी।
वहीं दूसरी ओर विद्युत बिल जमा करने समेत अन्य संबंधित कार्यों के लिए लोगों को काफी लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी। एक माह पूर्व ही रामनगर व हैदरगढ़ में दो नए विद्युत उपकेंद्र शुरू किये गए है। रामनगर में जहां हर्षित श्रीवास्तव को तैनात किया गया है, वहीं हैदरगढ़ में सत्येंद्र पांडेय को अधिशाषी अभियंता के रूप में तैनाती मिली है।