श्रावस्ती के इकौना बस स्टॉप चौराहे पर देर रात में घटना
इकौना / कटरा (श्रावस्ती)। इकौना बस स्टॉप चौराहे पर शुक्रवार देर रात एक दुकानदार द्वारा बिरयानी के पैसे मांगने पर ग्राहक ने तमंचे से गोली मार दी। खून से लथपथ हालत में दुकानदार को छोड़ आरोपी युवक मौके से भाग गया।
घायल दुकानदार को अस्पताल ले जाया गया। जहां से हालत गंभीर होने पर उसे ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर किया गया है। वहीं पुलिस ने अज्ञात के विरुद्ध हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
इकौना कस्बे के मोहल्ला कबीर नगर निवासी अजय कुमार उर्फ मुंशीलाल (28) इकौना बस स्टॉप चौराहे पर बिरयानी की दुकान करता है। शुक्रवार रात करीब 10 बजे उसकी दुकान पर कुछ लोग बिरयानी खाने आए थे।
बिरयानी खाने के बाद जब अजय द्वारा एक ग्राहक से बिरयानी का पैसा मांगा गया तो ग्राहक को यह बात नागवार गुजरी। दोनों में तकरार होने लगी। इसी बीच ग्राहक ने अपने पास मौजूद तमंचे से अजय पर फायर झोंक दिया।
गोली अजय के दाहिने हाथ के नीचे होते हुए पेट में जा घुसी। इससे वह खून से लथपथ होकर मौके पर ही गिर गया। फायर की आवाज पर दौड़े आसपास के लोगों को आता देख हमलावर मौके से भाग गया।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची इकौना पुलिस द्वारा उसे गंभीर अवस्था में सीएचसी इकौना ले जाया गया। जहां से हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सक द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल बहराइच रेफर कर दिया गया।
जहां से बाद में अजय को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया। घायल अजय की पत्नी नीतू की तहरीर पर इकौना पुलिस ने अज्ञात के विरुद्ध हत्या का प्रयास का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वहीं घटना के बाद सीओ इकौना श्रेयश त्रिपाठी, थाना प्रभारी राजितराम व कस्बा प्रभारी वेद प्रकाश शर्मा ने मौके पर पहुंच कर घटनास्थल का जायजा लिया।