टांडा/जलालपुर। डीएम के निर्देश पर मंगलवार को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में अल्ट्रासाउंड व पैथालोजी सेंटराें पर छापेमारी की गई। इसमें कई जगह खामियां भी पाई गईं। सबसे बड़ी गड़बड़ी जलालपुर में मिली, जहां रजिस्ट्रेशन समयसीमा समाप्त होने के बाद भी सेंटर चलता पाया गया।
टांडा प्रतिनिधि के अनुसार, मंगलवार शाम एसडीएम नरेंद्र सिंह व डिप्टी सीएमओ डॉ. जीआर चन्द्रा की टीम ने नगर के दो पैथालॉजी सेंटरों पर छापेमारी की। इससे थोड़ी ही देर में कई पैथॉलाजी सेंटरों के शटर बंद हो गए। टीम ने सबसे पहले बैंक ऑफ बड़ौदा के सामने स्थित ताज डाइग्नोस्टिक सेंटर और उसके बाद जुबेर चौराहा स्थित माडर्न डाइग्नोस्टिक सेंटर पर छापा रहा। जहां टीम को कुछ खामियां मिली हैं। हालांकि टीम ने अभी इसका जिक्र नहीं किया है। एसडीएम ने बताया कि, मुख्यत: लिंग परीक्षण को लेकर छापेमारी चल रही है। यदि ऐसा कहीं पर पाया गया तो कार्रवाई की जाएगी। जलालपुर प्रतिनिधि के अनुसार, एसडीएम विवेक मिश्र के नेतृत्व में टीम ने अवध सेंटर पर छापा डाला, तो वहां सब कुछ ठीक मिला। मेयो सेंटर पर अल्ट्रासाउंड मशीन खराब मिली। मित्तूपुर रोड स्थित सोनी अल्ट्रासाउंड सेंटर पर छापेमारी में रजिस्ट्रेशन की समयसीमा बीते 10 मई को ही समाप्त पाई गई। इसके बाद भी सेंटर चलता पाया गया। एसडीएम ने बताया कि, मामले में वैधानिक कार्रवाई की संस्तुति की गई है। छापेमारी के बाद दोनों एसडीएम ने अपनी-अपनी रिपोर्ट डीएम को भेज दी।