अंबेडकरनगर। सर्पदंश की घटनाओं में कमी नहीं हो रही है। विभिन्न थाना क्षेत्रों में चार लोग सर्पदंश का शिकार हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। बेवाना थाना क्षेत्र के नेनावा निवासी कैलाशी देवी (65) मंगलवार सुबह शौच के लिए खेत जाते समय सर्पदंश का शिकार हो गईं। स्थानीय स्तर पर इलाज के बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, यहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। इसी थाना अंतर्गत अशरफाबाद अतरौरा गांव निवासी रूबी (15) सुबह उस समय सर्पदंश का शिकार हो गई, जब वह घर की साफ-सफाई कर रही थी। परिवारीजनों ने उसे तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। अकबरपुर थाना क्षेत्र के मिर्जापुर गांव निवासी जगजीवन (68) को मंगलवार सुबह शौच के लिए खेत जाते समय सांप ने डस लिया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, बसखारी थाना अंतर्गत किछौछा निवासी रेखा (32) को सुबह घर की साफ-सफाई करने के दौरान सांप ने डस लिया। उसे पहले सीएचसी बसखारी ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।