तुलसीपुर-बलरामपुर मुख्य मार्ग पर आवागमन ठप
भारी बारिश के चलते बलरामपुर-तुलसीपुर मार्ग पर आवागमन ठप हो गया है। गांगनार चकवा गांव के पास सड़क के डिप पर पुल निर्माण होने के चलते बायपास बनाया गया था। पानी के दबाव के चलते बायपास कट गया है। तेज बहाव के चलते एक पिकप गाड़ी फंस गई है। मार्ग पर आवागमन ठप कर दिया गया है। वाहनों को बेलहा मोड़ से गौरा बिलोहा होते हुए तुलसीपुर के लिए डायवर्ट किया गया है।
भारी बारिश के चलते जिले के अधिकांश पहाड़ी नालों में उफान आ गया है। जिले में करीब 200 मिलीमीटर औसत वर्षा रिकॉर्ड की गई है। कई गांव पहाड़ी नालों की बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। सभी उपजिलाधिकारियों को स्थिति पर नजर रखने का निर्देश दिया गया है। राप्ती नहर के निर्माण से कई जगह जलभराव की स्थिति भी उत्पन्न हो गई है। इन स्थितियों से निपटने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। -कृष्णा करूणेश, डीएम बलरामपुर