लखनऊ। बकाया गृहकर जमा न करने पर नगर निगम की टीम ने सोमवार को एटीएम सहित 17 व्यावसायिक भवन सील कर दिए। इस दौरान विरोध का भी सामना करना पड़ा। कई लोगों ने मौके पर बकाया जमा कर दिया, जिससे वे कार्रवाई से बच गए।
जोन आठ के जोनल अफसर अजीत राय ने बताया कि टीम ने औरंगाबाद जागीर में रोस मैरिट सेफ्टी सिस्टम को 3.23 लाख रुपये बकाया गृहकर, सैनिक मोटर्स को 1.84 लाख रुपये और आटो किंग सर्विस को 76 हजार रुपये बकाये पर सील कर दिया। जोन सात की टीम ने मुलायमनगर में अमीम अलीम शेख की दुकान 1.33 लाख के बकाये पर सील कर दी।
जोन एक के कर अधीक्षक ओम प्रकाश सिंह ने बताया कि महात्म गांधी मार्ग पर इलाहाबाद बैंक के एटीएम को 2.06 लाख रुपये का बकाया होने पर सील कर दिया गया। जोनल अधिकारी जोन छह मनोज कुमार ने बताया कि 12 दुकानें सील की गईं। अभियान के दौरान चार बकायेदारों ने गृहकर जमा कर दिया।