लखनऊ। मोहनलालगंज में बृहस्पतिवार तड़के एसी स्लीपर बस में आग लगने से पांच लोगों की मौत के बाद परिवहन विभाग ने शुक्रवार को चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान 17 डग्गामार बसों को सीज करने के साथ 43 वाहनों के चालान किए गए।
आरटीओ प्रवर्तन संदीप कुमार पंकज ने बताया कि अनाधिकृत बसों के खिलाफ छह प्रवर्तन टीमों ने अभियान चलाया। 17 डग्गामार बसों को थानों में पहुंचाया गया। जिन वाहनों पर कार्रवाई की गई उनके परमिट के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई भी की जाएगी। आरटीओ प्रवर्तन ने बताया कि चेकिंग अभियान अभी जारी रहेगा।
28 को आमरण अनशन
सेंट्रल रीजनल वर्कशॉप कर्मचारी संघ की ओर से डग्गामार वाहनों के खिलाफ 28 मई को आमरण अनशन किया जाएगा। प्रदेश महामंत्री जसवंत सिंह ने बताया कि निगम के निजीकरण का भी विरोध होगा। यह भी बताया जाएगा कि अनुबंधित बसों को लाभ और निगम की बसों को नुकसान हो रहा है। महंगाई भत्ता सहित अन्य मुद्दों को भी उठाया जाएगा।