जिले की सात तहसीलों में हुआ संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन
सीतापुर। जिले की सात तहसीलों में मंगलवार को हुए संपूर्ण समाधान दिवस में जनता ने अफसरों को अपनी समस्याएं बताईं। साथ ही विभिन्न मसलों से संबंधित उन्हें दरख्वास्तें भी दीं। समूचे जिले में आईं 787 शिकायतों में से महज 60 का निपटारा हो पाया। बाकी फरियादियों को मायूस होकर लौटना पड़ा।
हालांकि महमूदाबाद तहसील में डीएम शीतल वर्मा ने सभी शिकायतों को अविलंब निस्तारण के निर्देश दिए हैं। कहा कि इनके निस्तारण में गुणवत्ता एवं पारदर्शिता का विशेष ख्याल रखा जाए। इस कार्य में शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
महमूदाबाद तहसील सभागार में आयोजित समाधान दिवस में डीएम शीतल वर्मा को 233 लोगों ने अपनी समस्याएं बताईं। साथ ही उन्हें शिकायती पत्र भी दिए। मौके पर 13 मामले निपटाए गए। बाद में डीएम ने अफसरों को निर्देश देते हुए कहा कि समाधान दिवस में प्राप्त प्रार्थना पत्रों का निस्तारण गुणवत्तापरक व समयबद्ध किया जाए।
बाद में डीएम ने राजस्व कार्यों समीक्षा कर प्रगति ली। राजस्व वसूली संतोषजनक न होने पर उन्होंने अधिकारियों को फटकार लगाई। कहा कि प्रतिदिन कम से कम अमीनों से एक हजार रुपये का दाखिला कराया जाए।
उन्होंने तहसील में कार्यरत अटैचमेंट कर्मचारियों की सूची भेजने के निर्देश तहसीलदार को दिए। तहसीलदार केके सिंह ने बताया कि तहसील में चार कर्मचारी पूर्ववर्ती अधिकारियों के आदेश पर अटैचमेंट के रूप में कार्य कर रहे हैं। डीएम ने लेखपालों के कार्य बहिष्कार की सूचना पर समाधान दिवस में तलब किया।
समाधान दिवस में राजस्व के 97, पुलिस 62, विकास 35, खाद्य के 22, विद्युत 5, जिला प्रोवेशन, अल्पसंख्यक, पीआरडी, सिंचाई, पशुपालन व जिला पंचायत एक-एक, वन दो, चीनी मिल, बैंक 3 शिकायत शामिल हैं।
इस अवसर पर सीडीओ देवकृष्ण तिवारी, सीएमओ डॉ. आरके नैयर, पीडी अरुण कुमार सिंह, जिला कृषि अधिकारी अखिलेशानंद, जिला गन्ना अधिकारी डॉ. दुष्यंत कुमार आदि उपस्थित थे। सदर तहसील में एसडीएम प्रभाकांत अवस्थी ने 113 लोगों की समस्याएं सुनीं।
उनके द्वारा सात शिकायतें मौके पर निपटाई गईं। लहरपुर में एसडीएम पूर्णिमा सिंह ने 60 लोगों ने समस्याएं सुनीं। मौके पर 5 मामले निपटाए गए। मिश्रिख में एसडीएम पीसी आर्य ने 85 लोगों की समस्याओं को सुना। उनके द्वारा छह मामले निस्तारित किए गए।
बिसवां में एसडीएम शशिभूषण राय ने 81 लोगों की समस्याएं सुनीं। सात शिकायतों का समाधान किया। सिधौली में एसडीएम किंशुक श्रीवास्तव ने 148 लोगों की समस्याओं को सुनकर मौके पर 16 शिकायतें निपटाईं। महोली में एसडीएम शेरी ने 67 लोगों की समस्याएं सुनीं। उनके द्वारा छह शिकायतें निस्तारित की गईं।