फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कम क्षेत्रफल में गन्ना बोएं किसान

विज्ञापन
विज्ञापन
जरवल (बहराइच)। बंभौरा में स्थित आईपीएल चीनी मिल के गन्ना इकाई प्रमुख की ओर से क्षेत्र के किसानों को पंफलेट बांटकर गन्ना की बोआई करने की मनाही की जा रही है। इतना ही नहीं किसानों को गन्ना के बजाय तिलहनी फसलों को बोने की बात कर्मचारी कह रहे हैं। इससे किसान परेशान हैं।
विज्ञापन

जिले के किसान नकदी फसल के रूप में गन्ने की बोआई करते आ रहे हैं, लेकिन अब इन किसानों के सामने समस्या उत्पन्न हो गई है। जरवल विकास खंड के बंभौरा में स्थित आईपीएल चीनी मिल महाप्रबंधक टीएस राणा के नाम से पंफलेट किसानों को बांटा जा रहा है। इसे दीवारों पर भी चस्पा करवाया जा रहा है। पंफलेट में महाप्रबंधक की ओर से लिखा गया है कि किसान गन्ना की बोआई कम क्षेत्रफल में करें, जिससे आगामी सत्र में भुगतान व पेराई में परेशानी का सामना न करना पड़े। पत्र में लिखा है कि इस समय बसंतकालीन गन्ना बोआई का समय निकल चुका है। अत: किसान गेहूं कटाई के बाद गन्ना न बोएं। उर्वरा शक्ति बढ़ाने के लिए गन्ने के स्थान पर दलहनी फसल का प्रयोग करें। किसानों से पंफलेट में यह भी कहा गया है कि सामान्य प्रजाति की फसल नष्ट कर दें। खेत में दूसरी फसल की बोआई करें। क्योंकि आगामी पेराई सत्र में चीनी मिल किसी भी दशा में सामान्य प्रजाति के गन्ने की खरीद नहीं करेगी। जरवल व कैसरगंज के लगभग एक हजार किसानों को पंफलेट बांटा जा चुका है। चीनी मिल द्वारा जारी किए गए इस पंफलेट से गन्ना किसान परेशान हैं। किसान हाजी गुलाम मोहम्मद, इरशाद अहमद, हाजी रसीद, राजितराम, बुधराम यादव, अशोक मिश्र, जावेद अहमद का कहना है कि इस बार भी चीनी मिल ने बहराइच के किसानों के बजाय सीतापुर के गन्ना किसानों की खरीद की। इसके बाद अब किसानों को गन्ना न बोने की सलाह दे रहे हैं। ऐसे में वह सभी क्या करें।

कैसे दोगुनी आय करेगी सरकार
गन्ना किसान अशोक मिश्र व हाजी रसीद ने कहा कि केंद्र सरकार किसानों की आय दोगुनी करने की बात कर रही है। लेकिन आईपीएल चीनी मिल जरवल यूनिट किसानों से गन्ना बोआई करने से मना कर रही है। जबकि बाहरी किसानों से गन्ना खरीद कर पेराई कर रही है। ऐसे में किसानों की आय दोगुनी कैसे होगी।
विज्ञापन


पंफलेट बांटना अनुचित, होगी कार्रवाई
किसान अपने मन से गन्ने की बोआई करें। आईपीएल चीनी मिल के गन्ना इकाई प्रमुख द्वारा बांटे जा रहे पंफलेट की जानकारी उन्हें नहीं थी। अब पता चला है। कम क्षेत्रफल में गन्ने की बोआई व पंफलेट बांटना अनुचित है। इसकी जांच कराकर दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
- रामकिशन, जिला गन्ना अधिकारी

गिर रहा चीनी मूल्य, किसानों के हित में उठाया कदम
आगामी सत्र में रिजेक्टेड प्रजाति का गन्ना चीनी मिल द्वारा नहीं खरीदा जाएगा। अधिकांश किसान रिजेक्टेड सामान्य प्रजाति का गन्ना ही बोते हैं। ऐसे में उन्हें चेतावनी दी गई है। चीनी का मूल्य निरंतर कम हो रहा है। ऐसे में गन्ने की बोवाई से जहां तक हो सके, बचने की सलाह किसानों के हित में दी है। इस मामले मेें सिर्फ पर्चे ही नहीं बंटवाए हैं, वाल पेंटिंग भी करवाई है, जिससे किसान जागरूक हो सकें।
विज्ञापन

- टीएस राणा, महाप्रबंधक आईपीएल चीनी मिल जरवलरोड
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें