रोहनिया (रायबरेली)। ऊंचाहार ब्लॉक क्षेत्र के किशुनदासपुर में मानक के विपरीत बनाई जा रही सड़क को लेकर ग्रामीण भड़क गए। ग्रामीणों ने ठेकेदार से मानक के हिसाब से सड़क बनाने को कहा तो ठेकेदार ने पुलिस बुलाने की धमकी दी। इस पर गुस्साए ग्रामीण हंगामा करने लगे और सड़क का निर्माण कार्य रुकवा दिया। इससे सड़क का निर्माण ठप हो गया। मामले की सूचना अधिकारियों को दी गई है।
किशुनदासपुर गांव में सूची-खरौली संपर्क मार्ग से पीएचसी तक सड़क का निर्माण कार्य चल रहा है, जिसके निर्माण के लिए जिला पंचायत से चार लाख 47 हजार रुपये पास किया गया है। सोमवार को निर्माण कार्य चल रहा था। तभी ग्रामीणों ने सड़क निर्माण में मानकों की अनदेखी का आरोप लगाया। ग्रामीणों ने ठेकेदार से सड़क में मानक का प्रयोग करने की बात कही तो ठेकेदार आक्रोशित हो गया और उसने गांव वालों को सरकारी काम में बाधा डालने के मामले में पुलिस बुलाने व मुकदमा दर्ज कराने की धमकी दी। इससे भड़के ग्रामीणों ने हंगामा करना शुरू कर दिया और सड़क का काम रुकवा दिया। ग्रामीण बबलू सिंह, मनोज तिवारी, प्रभात श्रीवास्तव, बच्चन, रणविजय, कमलेश्वर शुक्ला, शैलेश, छोटेलाल व सुनीता आदि ने बताया कि छह माह पूर्व यह सड़क बनाई गई थी, लेकिन 15 दिन में ही सड़क गड्ढों में तब्दील हो गई। शिकायत के बाद इसका पुन: निर्माण कराया जा रहा है, लेकिन इस बार भी ठेकेदार मानक के विपरीत कार्य कर रहा है। इस बाबत एसडीएम राजेश कुमार तिवारी ने बताया कि मामले की सूचना मिली है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
छह माह में उखड़ गई सड़क
रायबरेली। राही ब्लॉक क्षेत्र में रायबरेली-डलमऊ से बेंद गांव होते हुए भवानीबख्श का पुरवा तक जाने वाला तीन किलोमीटर मार्ग का भी छह महीने पहले निर्माण कराया गया था, लेकिन अब सड़क उखड़ गई है। जगह-जगह सड़क की गिट्टियां उखड़ कर बिखर गई हैं। ग्रामीण दिनेश कुमार, सुरेंद्र कुमार, रामप्रसाद आदि ने बताया कि सड़क का निर्माण जिला पंचायत की ओर से कराया गया था। निर्माण के दौरान मनमानी की गई थी। इसके विरोध में ग्रामीणों ने प्रदर्शन भी किया था, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। मानक के अनुरूप सड़क नहीं बनने से सड़क गड्ढों में तब्दील हो गई।