लखनऊ से लेकर महाराजगंज आया था आरोपी
बहराइच/महसी। जिले में सोमवार को पुलिस की एक कार्रवाई ‘खोदा पहाड़ निकली चुहिया’ वाली कहावत सरीखे रही। बिना लाइसेंस के लखनऊ से विस्फोटक बारूद की खेप ला रहे एक अधेड़ को हरदी पुलिस ने रात में दबोच लिया। भारी मात्रा में बारूद बरामद होने से पुलिस भी सकते में रही।
पहले तो उसने इसे अमोनियम नाइट्रेट बताया लेकिन बाद में उसे बारूद बताया गया। पकड़े गए आरोपी के मुताबिक, वह बारूद से पटाखे बनाता है। पुलिस ने उसके बारूद को सीज कर आरोपी को जेल भेज दिया। इस काम में शामिल आधा दर्जन और लोगों के नाम पता चले हैं। इनकी तलाश में पुलिस जुट गई है।
हरदी थाना क्षेत्र के महाराजगंज कस्बे के कुछ लोगों के संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त होने की सूचना मिल रही थी। इस पर पुलिस नजर रख रही थी। थानाध्यक्ष दिनेश सिंह विष्ट ने बताया कि दो दिन पूर्व विस्फोटक की बड़ी खेप क्षेत्र में लाने की भनक लगी थी। इस पर गश्त तेज कर दी गई थी।
रविवार रात को पुलिस टीम बेटहुरा चौराहे के निकट गश्त कर रही थी। तभी एक व्यक्ति संदिग्ध हालत में दिखा। पुलिस टीम को देखकर छिपने लगा। घेराबंदी कर उसे दबोचा गया। युवक की पहचान शरीफ निवासी महाराजगंज हरदी के रूप में हुई। उसके पास से मिली बोरी की तलाशी लेने पर भूरे रंग का पदार्थ बरामद हुआ।
पुलिस लाइन से एक्सप्लोसिव विशेषज्ञ की टीम को बुलवाकर परीक्षण कराया गया तो रसायन के बारूद होने की पुष्टि हुई। बरामद विस्फोटक को पुलिस ने कब्जे में लेकर जब पूछताछ शुरू की तो पता चला कि शरीफ विस्फोटक की खेप लखनऊ से लेकर बहराइच आया है।
वह किसी गंभीर वारदात को अंजाम देने की फिराक में था। गौरतलब हो कि शरीफ पहले भी अवैध तरीके से गोला-पटाखा का कारोबार करने के मामले में पकड़ा जा चुका है। थानाध्यक्ष ने बताया कि छह और लोगों के नाम पता मालूम चले हैं। उनकी तलाश में दबिश दी जा रही है।
अमोनियम नाइट्रेट के फेर में फंसी रही पुलिस
बरामद 18 किलो बारूद को हरदी थाने की पुलिस रात से दोपहर तक अमोनियम नाइट्रेट बताती रही। इस पर एसपी ग्रामीण रवींद्र कुमार सिंह ने हरदी थाने पहुंचकर एक्सप्लोसिव विशेषज्ञों से जांच करवाई।
एएसपी का कहना है कि बरामद पदार्थ अमोनियम नाइट्रेट नहीं बल्कि शुद्ध बारूद है। जिसका उपयोग गोला, पटाखा व अन्य विस्फोटक बनाने में होता है। उन्होंने कहा कि भारी मात्रा में बारूद बरामद होने के चलते पकड़े गए युवक के बारे में सघन जांच शुरू की गई है।