अंबेडकरनगर। नगर पालिका परिषद अकबरपुर के 22 वार्डों में शुद्ध पेयजल की आपूर्ति व्यवस्था जल्द बेहतर होगी। अमृत योजना के तहत ट्यूबवेल स्थापना के साथ ही पाइपलाइन बिछायी जानी है। पहली किस्त के रूप में जारी 14 करोड़ रुपये से गोविंदपुर अटिका व गौसपुर वार्ड में पानी टंकी के निर्माण के साथ ही पाइप लाइन बिछाने का काम शुरू हो गया है। पालिका प्रशासन के अनुसार नवंबर के अंत तक सभी वार्डों की लगभग डेढ़ लाख आबादी को लाभ मिलेगा।
कुछ वर्षों से कम बारिश के चलते जलस्तर नीचे जाने लगा है। इससे पेयजल की समस्या खड़ी हो रही है। शहरी आबादी को शुद्ध पेयजल आपूर्ति के लिए केंद्र सरकार से अमृत योजना चलाई जा रही है। इसके तहत पिछले दिनों अकबरपुर नगर पालिका परिषद क्षेत्र के 22 वार्डों में 22 ट्यूबवेल व 211 किमी लंबी पाइपलाइन बिछाए जाने को मंजूरी शासन से मिली थी।
नगर पालिका को प्रथम किस्त के रूप में 14 करोड़ रुपये उपलब्ध करा दिये गये। गौरतलब है कि नगर पालिका क्षेत्र में कुल 25 वार्ड हैं। योजना के तहत तीन वार्ड अमरौला, सदरपुर व अहरिया में पहले ही काम कराने को मंजूरी मिल गई थी। इन वार्डों में पानी की टंकी की स्थापना के साथ पाइपलाइन तकरीबन बिछा दी गई है।
नगर पालिका परिषद के जेई रवि कुमार ने बताया कि निर्माण कार्य शुरू करा दिया गया है। जलनिगम द्वारा गोविंदपुर अटिका व गौसपुर वार्ड में पानी की टंकी निर्माण के साथ ही पाइपलाइन बिछाने का काम चल रहा है। उम्मीद है कि नवंबर के अंत तक सभी वार्डों में ट्यूबवेल की स्थापना के साथ ही पानी की टंकी के निर्माण व पाइपलाइन बिछाने का काम पूरा हो जाएगा। इसके बाद कनेक्शन देकर घर-घर जलापूर्ति शुरू करा दी जाएगी। इससे लगभग डेढ़ लाख की आबादी को शुद्ध पेयजल का लाभ मिलेगा।
गोविंदपुर अटिका के आनंद तिवारी, सुशील तिवारी व राजेश ने खुशी जताते हुए कहा कि ट्यूबवेल व पानी की टंकी की स्थापना और पाइपलाइन बिछने से पेयजल आपूर्ति व्यवस्था ठीक हो जाएगी। गौसपुर के सप्पू वर्मा, अमित वर्मा व सुनील कुमार ने कहा कि जलस्तर गिरने से गर्मी के दिनों पेयजल की भारी किल्लत हो जाती है। ट्यूबवेल से जलापूर्ति की व्यवस्था होने से पेयजल की किल्लत काफी हद तक दूर हो जाएगी।
जल निगम के अधिशाषी अभियंता महेंद्र राम ने कहा कि अमृत योजना के तहत अकबरपुर नगर पालिका परिषद के 22 वार्डों में ट्यूबवेल व पाइपलाइन बिछाए जाने का काम शुरू कर दिया गया है। तेजी से कार्य कराया जा रहा है। नवंबर तक सभी वार्डों में कार्य पूर्ण हो जाने की संभावना है।