हरचंदपुर (रायबरेली)। थाना क्षेत्र में रविवार रात दवा लेने सीएचसी जा रहे एक युवक को संदिग्ध हालात में गोली लग गई। युवक को जिला अस्पताल से ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर किया गया है। मामले में युवक के भाई ने तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पूरे ठाकुर बक्स गांव निवासी अरुण कुमार यादव की रविवार रात अचानक तबीयत खराब हो गई। इस पर वह दवा लेने सीएचसी हरचंदपुर जा रहा था। रास्ते में पहले से घात लगाए खड़े तीन युवकों ने अरुण पर फायर झोंक दिया। बाएं हाथ के नीचे गोली लगने से अरुण घायल हो गया। घटना की खबर पाकर पहुंचे अरुण के भाई व अन्य परिवारीजन ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां से उसे ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया।
एसओ रविंद्र सिंह ने बताया कि, घायल अरुण के भाई अजय कुमार यादव की तहरीर पर रुकनापुर निवासी रामजस सिंह, हसनापुर निवासी बबलू सिंह और विक्रम सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुरानी रंजिश में गोली मारने की बात सामने आ रही है। हमलावरों को गिरफ्तार करके जेल भेजा जाएगा।