जलालपुर। विकास खंड क्षेत्र के विकास के लिए वित्तीय वर्ष 2018-19 में शासन ने मनरेगा के तहत गत वर्ष के सापेक्ष लगभग 89 लाख रुपये अधिक खर्च करने की कार्य योजना तैयार की है। लगभग साढ़े 8 करोड़ रुपये से ब्लॉक में मनरेगा से जुड़े विभिन्न विकास के कार्य होंगे। गत वर्ष के सापेक्ष 30 हजार मानव दिवस का सृजन भी अधिक करने का निर्णय लिया है।
शासन के इस निर्णय से विकास खंड क्षेत्र की 120 ग्राम पंचायत की 163 ग्राम राजस्व गांव के विकास में तेजी आएगी, जबकि 17 हजार से अधिक जॉब कार्डों को सीधे तौर पर लाभ मिलेगा। बीते वित्तीय वर्ष में जलालपुर विकास खंड में शासन ने 2 लाख 58 हजार 262 कार्य दिवस का सृजन किया था। इस वित्तीय वर्ष में 2 लाख 88 हजार 866 मानव दिवस सृजन की स्वीकृति दी है।
यह लक्ष्य गत वर्ष के सापेक्ष 30 हजार 604 मानव दिवस अधिक है। यही नहीं विकास के लिए धन स्वीकृति में भी गत वर्ष के सापेक्ष इस बार अधिक धन मिला है। गत वर्ष ब्लॉक को 7 करोड़ 53 लाख 26 हजार 416 रुपये खर्च करने की स्वीकृति थी। इस वित्तीय वर्ष 8 करोड़ 42 लाख 52 हजार 583 है, जो गत वित्तीय वर्ष के सापेक्ष 89 लाख 26 हजार 167 रुपये अधिक है।
इस धनराशि से सीधे तौर पर 120 ग्राम पंचायत की 163 ग्राम राजस्व गांव की लगभग 3 लाख आबादी को लाभ मिलेगा। इसके अलावा शासन ने गत वर्ष के सापेक्ष इस वित्तीय वर्ष मानव दिवस सृजन में भी बढ़ोत्तरी की है। 30 हजार 604 अधिक मानव दिवस अधिक सृजित होने पर लगभग 13 हजार 700 मनरेगा जॉबकार्डधारकों को इसका लाभ मिलेगा।
खंड विकास अधिकारी मोहम्मद आरिफ ने बताया कि पंजीकृत श्रमिकों की संख्या 17 हजार 793 है। हालांकि इसमें से लगभग 4 हजार जॉब कार्डधारक सक्रिय नहीं हैं।