एक तालगांव तो दूसरा बरेली जिले का है निवासी
सीतापुर। शहर कोतवाली व रेल पटरी के करीब पाए गए शवों की शुक्रवार को शिनाख्त कर कर ली गई है। शहर कोतवाली क्षेत्र में मिला शव तालगांव क्षेत्र के एक युवक का है, जो हिमाचल प्रदेश से कमाकर घर लौट रहा था। जबकि रेल पटरी के करीब पाया गया शव बरेली के एक बुजुर्ग का था।
परिवार ने बताया कि रेल यात्रा के दौरान चलती ट्रेन से गिरने की वजह से उनकी मौत हुई है। यहां बता दें कि दो दिन पहले शहर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम नैपालापुर के निकट पुलिस ने एक घायल युवक का सड़क पर पड़ा पाया था। जिसको जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यहां पर युवक ने दम तोड़ दिया था।
शुक्रवार को तालगांव के भुसैला के बाशिंदे पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंचे। यहां पर उन्होंने शव की शिनाख्त तालगांव थाना क्षेत्र के ग्राम भुसैला निवासी अभिषेक के रूप में की। परिवार के सदस्यों ने बताया कि वह हिमाचल कमाने गया था। दो दिन पहले ही वहां से लौटा था, लेकिन घर तक नहीं पहुंच सका।
इधर तालगांव थाना क्षेत्र के टप्पा खजुरिया के निकट रेल पटरी के किनारे पुलिस ने एक बुजुर्ग का शव पड़ा पाया था। इसकी सूचना पाकर बरेली से एक परिवार पोस्टमार्टम हाउस पहुंचा। यहां पहुंचे परिवार ने शव की शिनाख्त बरेली के इज्जत नगर थाना क्षेत्र के मोहल्ला बसंत बिहार रैपुरा चौधरी निवासी वशीर (60) के रूप में की।
शव की शिनाख्त रुखसाना नाम की महिला ने की, जिसने वशीर को अपना पति बताया। इस दौरान उसका पुत्र अफसल अली भी साथ में ही था। दोनों शवों के शिनाख्त होने के बाद पुलिस ने दोनों शवों को परिवार के सदस्यों के सुपुर्द कर दिया।