दुकान में घुसकर व्यापारी से 18 हजार की लूट
महराजगंज (रायबरेली)। पांच बाइकों से आए करीब 15 बदमाशों ने दुकान में घुसकर कपड़ा व्यापारी से 18 हजार रुपये लूट लिए।
वारदात पुलिस बूथ के ठीक पीछे हुई लेकिन पुलिस कर्मियों को भनक तक नहीं लगी। व्यवसायी ने पुलिस को तहरीर दी है। प्रभारी कोतवाल धीरेंद्र कुमार यादव ने बताया कि तहरीर मिली है। रिपोर्ट दर्ज कर जल्दी ही लुटेरों को पकड़ा जाएगा।
महाराजगंज के वार्ड नंबर छह आजाद नगर निवासी दानिश रजा की कपड़े की दुकान कस्बे में ही पुलिस बूथ के पीछे है। देर शाम पांच बाइकों से आए असलहों से लैस करीब 15 बदमाश दुकान में घुस गए।
इस दौरान दुकान में बैठे खरीदार भाग खड़े हुए। लुटेरों ने कपड़ा व्यापारी को बंधक बना लिया और विरोध करने पर उसकी पिटाई की।
साथ ही गल्ले में रखे 18 हजार रुपये लेकर फरार हो गए। कपड़ा व्यापारी चीखता चिल्लाता रहा, लेकिन न तो पुलिस बूथ से कोई सिपाही आया और न ही इलाकाई लोगों ने लुटेरों की घेराबंदी करने की कोशिश की।
प्रभारी कोतवाल ने बताया कि तहरीर मिली है। रिपोर्ट लिखकर कार्रवाई की जाएगी। लुटेरों की तलाश शुरू कर दी गई है।