बहराइच। महसी के महजराजगंज बाजार में बुधवार को खाद्य विभाग की टीम ने दो तेल के गोदामों पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान तेल संदिग्ध मिलने पर दो नमूने भरे। अधिकारियों ने जांच के बाद कार्रवाई की बात कही है।
महसी के महराजगंज कस्बे में कई दिनों से खाद्य तेल की बिक्री की जा रही थी। अभिहित अधिकारी कौशलेंद्र शर्मा ने बताया कि कुछ ग्रामीणों ने क्षेत्र में स्पेलर लगाकर दूसरी जगह से लाए गए खाद्य तेल को कच्ची घानी के तेल के नाम पर बेच रहे थे।
इसकी शिकायत मिलने पर अभिहित अधिकारी ने वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी बागीशमणि त्रिपाठी को जांच के निर्देश दिए थे।
उन्होंने बुधवार को कस्बे में स्थित शराफत व शेर मोहम्मद के गोदाम पर छापेमारी की। यहां टीन में भरे हुए सरसों तेल बरामद हुआ।
वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी बागीश मणि त्रिपाठी ने बताया कि तेल के दो नमूने एकत्र किए गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।