बलरामपुर। जिले में गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाने की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पुलिस परेड लाइंस में सुरक्षा व्यवस्था की ताकत का प्रदर्शन किया जाएगा। लोगों को झांकियों के माध्यम से सुरक्षा कवच देखने का मौका मिलेगा। मुख्य अतिथि के रूप में डीएम गणतंत्र दिवस की सलामी लेंगे।
डीएम राकेश कुमार मिश्र ने जिले के लोगों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामना देते हुए बताया कि सभी विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को गणतंत्र दिवस के कार्यक्रम आयोजित कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्हें कार्यक्रमों का बेहतर ढंग से संचालन कराने का निर्देश दिया गया है। एसपी प्रमोद कुमार ने बताया कि गणतंत्र दिवस के अवसर पर पुलिस लाइंस में परेड कार्यक्रम का आयोजन होगा। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था से संबंधित झांकियों का रंगारंग प्रदर्शन किया जाएगा। मुख्य अतिथि व डीएम को परेड की सलामी दी जाएगी। इसकी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सीडीओ फूलचंद जायसवाल ने बताया कि विकास भवन परिसर से विकास कार्यक्रमों की झांकी निकाली जाएगी। नगर व ग्रामीण क्षेत्रों के विभिन्न मार्गों से होते हुए झांकी एमपीपी इंटर कॉलेज पहुंचकर समाप्त होगी। बीएसए रमेश यादव ने बताया कि डीपीआरओ अवनीश कुमार श्रीवास्तव की तरफ से जनपद के दस प्राथमिक व उच्च प्राथमिक स्कूलों को स्वच्छता में शानदार प्रदर्शन करने पर पुरस्कृत किया जाएगा। सरकारी व गैर सरकारी दफ्तरों, शैक्षणिक संस्थानों में ध्वजारोहण के बाद जिला मेमोरियल व महिला अस्पताल में फल वितरण कार्यक्रम होगा। सीएमओ डॉ. घनश्याम सिंह ने बताया कि कुष्ठ रोगियों को भी फल बांटा जाएगा। एमपीपी इंटर कॉलेज से मेजर चौराहा, चौक बाजार होते हुए वीर विनय चौराहे तक एनसीसी, स्काउट-गाइड की रैली निकाली जाएगी। एमएलके पीजी कॉलेज में गणतंत्र दिवस की शाम कवि सम्मेलन व मुशायरे का आयोजन किया जाएगा।