फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

लापता मासूम और युवक की हत्या

विज्ञापन
विज्ञापन
बेलहरा (बाराबंकी)। मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग वारदातों में एक मासूम और युवक की हत्या का मामला प्रकाश में आया है। लापता मासूम का शव तालाब में तो युवक का शव सुमली नदी में पाया गया है। एक ही थाना क्षेत्र में घटना होने के कारण इलाके में सनसनी फैल गई। पीड़ित परिवारों की ओर से थाने में हत्या के आरोप की तहरीर दी गई है। पुलिस ने युवक की हत्या में सगे भाई समेत तीन के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। जबकि मासूम की मौत पर पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई करने की बात कही है।
विज्ञापन

पुलिस के अनुसार मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के गोड़ियन पुरवा गांव निवासी संजय कुमार (18) पुत्र शंकर 19 अक्तूबर को अपने भाई मिश्रीलाल, गांव के ही अमरपाल व विक्रम के साथ घूमने के लिए निकला था। उसी दिन उसका भाई व उसके साथी घर आ गए, लेकिन वह नहीं आया। खोजबीन शुरू की गई, लेकिन संजय का कोई पता नहीं लगा। जिस पर संजय के बड़े भाई रामकुमार ने 21 अक्तूबर को पुलिस से शिकायत कर अपने भाई मिश्रीलाल, अमरपाल व विक्रम के खिलाफ भाई को लापता करने की तहरीर दी थी। रविवार को सुमली नदी पर स्थित धनोलिया पुल के पास लगी जलकुंभी के बीच एक शव पड़े होने की सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को दी। पुलिस ने शव को बाहर निकाला तो उसकी शिनाख्त संजय के रूप में हुई। मृतक संजय के बड़े भाई की तहरीर पर पुलिस ने तीनों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
उधर, इसी थाना क्षेत्र के कस्बा बेलहरा के बखरियाटोला मोहल्ला निवासी देवीसरन प्रजापति का डेढ़ वर्षीय पुत्र मन्नत शनिवार की सुबह घर के सामने बने मंदिर परिसर के निकट खेल रहा था। तभी अचानक बच्चा वहां से कहीं लापता हो गया था। बच्चे के लापता होने पर परिवारीजनों ने काफी खोजबीन की व तालाब भी खंगाला गया, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। इसके बाद इसकी सूचना थाना पुलिस को दी गई थी। रविवार को मासूम का शव गांव के ही पास तालाब में उतराता देखा गया। पुलिस ने बच्चे के शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतक के पिता ने जमीन के विवाद में बच्चे की हत्या करने का आरोप लगाते हुए अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। हालांकि पुलिस ने अभी मामले में रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
विज्ञापन


बाक्स-
इकलौते बेटे की मौत से घर में मचा कोहराम
देवीसरन प्रजापति के इकलौते बेटे मन्नत की मौत ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है। मां कोमल का रो-रोकर बुरा हाल है। बच्चे की मौत से दुखी मां बदहवास हालत मेें है, जबकि पिता भी परेशान हैं। इस घटना से गांव में भी गम व आक्रोश का माहौल व्याप्त है।
कोट
एक युवक अपने भाई व उसके दो साथियों के साथ दीपावली की रात घर से निकला था, जिसका शव नदी में मिला है। मृतक के बड़े भाई की तहरीर पर उसके एक भाई व दो अन्य लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। जो दोषी होगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
विज्ञापन

- अनिल कुमार सिंह, एसपी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें