बाराबंकी। बिना हेलमेट पहने बाइक से फर्राटा भरने वाले होशियार हो जाएं। पुलिस जिले में सोमवार से विशेष अभियान चलाएगी। यदि पत्नी, बच्चों व बड़ों के साथ पकड़े गए तो चालान व जुर्माना अदा करने के बजाय आप को एक शपथ पत्र भरकर यह बताना होगा कि वे दोबारा बिना हेलमेट के बाइक लेकर नही निकलेंगे। पुलिस बाकायदा पत्नी से भी अपील करेगी कि वह बिना हेलमेट के घर से बाहर न निकलने दें। पुलिस की यह अनूठी पहल का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सिंह सोमवार को करेंगे। उसके बाद इसे पूरे जिले में लागू किया जाएगा।
एएसपी शशीकांत तिवारी ने बताया कि ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन और सड़क हादसों में लोगों की जा रही जान पर अंकुश लगाने के लिए अब चेकिंग के दौरान बाइकर्स पर जुर्माना व चालान करने की बजाय अब बिना हेलमेट बाइक चलाने वालों से एक शपथ पत्र भरवाया जाएगा। इस दौरान जो लोग अपनी पत्नियों के साथ पकड़े गए तो पत्नी के सामने ही शपथ पत्र भरवाया जाएगा। इस शपथ पत्र में पत्नी की यह जिम्मेदारी होगी कि यदि उनका पति कभी बाइक लेकर घर से निकलेगा तो वह उन्हें हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित करेंगी। इसके अलावा अन्य लोगों को भी शपथ पत्र भरकर देना होगा कि आगे से वह बिना हेलमेट पहने बाइक चलाते मिले तो पुलिस सख्त कार्रवाई कर सकती है।