एसजीपीजीआई और लोहिया संस्थान के बाद अब केजीएमयू में भी कोरोना की जांच के लिए शुल्क लिया जाएगा। सिम इमरजेंसी में आने वाले मरीजों एवं उनके तीमारदारों से प्रति जांच 1500 रुपये लिए जाएंगे। ये फैसला केजीएमयू की कार्यपरिषद की शनिवार को हुई बैठक में लिया गया।
ऐसे में अब केजीएमयू आने वाले डायलिसिस, कैंसर के मरीजों और सामान्य किस्म की सर्जरी कराने वालों को यह शुल्क देना पड़ेगा। उनके साथ मौजूद तीमारदार को भी जांच के 1500 रुपये जमा करने पड़ेंगे।
वहीं, यदि किसी मरीज की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आती है और वह कोरोना वार्ड में भर्ती होता है तो शासन की गाइडलाइन के अनुसार उसका नि:शुल्क इलाज होगा। साथ ही मरीज को कोराना जांच का शुल्क लौटाया जाएगा। इस जांच के लिए केजीएमयू में पीपीपी मॉडल पर किसी एजेंसी को ठेका भी दिया जाएगा।