लखनऊ। प्रयागराज के झूंसी निवासी दिवाकर चतुर्वेदी ने प्लॉट दिलाने का नाम पर 15 लाख की ठगी की रिपोर्ट कृष्णानगर थाने में दर्ज कराई है। इसमें रियल एस्टेट कंपनी जीके इंटरप्राइजेज के मालिक दंपती आसिफ खान और उसकी पत्नी गजाला खान को आरोपी बनाया है।
दिवाकर के मुताबिक लखनऊ में प्लॉट खरीदने के संबंध में वर्ष 2022 में दंपती से मुलाकात हुई थी। आसिफ ने उन्हें प्लॉट की मूल मालकिन मंजू तिवारी से भूमि का अनुबंध पत्र दिखाया। 1500 वर्ग फीट का प्लॉट खरीदने के नाम पर पीड़ित से दिसंबर-2022 में 10 लाख नकद और 5 लाख का चेक ले लिया। बैनामे की बात पर दंपती आनाकानी करने लगे। शक होने पर पीड़ित ने पड़ताल की तो पता चला कि जमीन मालकिन से आरोपियों के बीच कोई भी अनुबंध नहीं हुआ है। उन्होंने डीसीपी साउथ से मिलकर शिकायत की। उनके आदेश पर कृष्णानगर थाने में केस दर्ज किया गया है।