रंगदारी मांगने का आरोपी गिरफ्तार
नीरज नेपाली बन टेंट हाउस मालिक से मांगी थी 50 हजार रुपये की रंगदारी
अमर उजाला ब्यूरो
रायबरेली। सदर कोतवाली पुलिस ने मंगलवार को रंगदारी मांगने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की मानें तो पकड़े गए आरोपी ने टेंट हाउस मालिक से शातिर अपराधी नीरज नेपाली बनकर फोन करके 50 हजार रुपये की रंगदारी मांगी थी। शिकायत पर पुलिस ने उसे दबोच लिया।
सदर कोतवाल सुधीरचंद्र पांडेय ने बताया कि जहानाबाद निवासी एवं टेंट हाउस मालिक सुशील कुमार मिश्रा ने शिकायत की थी कि दो दिन पहले एक व्यक्ति ने मोबाइल पर फोन करके खुद को शातिर अपराधी नीरज नेपाली बताया और 50 हजार रुपये की रंगदारी मांगी। रंगदारी न देने पर जान से मारने की चेतावनी दी। शिकायत पर मामले की जांच शुरू की और मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर लगाया गया। इस पर मो. हनीफ उर्फ मोनू निवासी नया पुरवा को गिरफ्तार किया गया है।