पानी भरे गड्ढे में डूबे दो बच्चे, एक की मौत
- मिल एरिया थाना क्षेत्र के राही गांव में घटना से मचा हड़कंप
अमर उजाला ब्यूरो
रायबरेली। मिल एरिया थाना क्षेत्र के राही गांव में मंगलवार को पानी भरे गड्ढे में दो बच्चे डूब गए। इसमें एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि दूसरा बाल-बाल बच गया। बताया जा रहा है कि गांव किनारे मिट्टी खनन से गड्ढा हो गया था। इसमें नहर से पानी भर गया था। इसी वजह से हादसा हो गया। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
राही गांव के पास मिट्टी खनन की वजह से गहरा गड्ढा हो गया था। नहर से गड्ढे में पानी भर गया था। सुबह गांव का अमित (7) पुत्र राम बहादुर और राज कुमार उर्फ बउवा (6) पुत्र छोटेलाल नहाने के लिए पानी भरे गड्ढे में कूद गए। इससे दोनों डूबने लगे। शोरगुल पर ग्रामीण पहुंचे और दोनों को बाहर निकाला। इसमें अमित की मौत हो गई, जबकि राज कुमार बाल-बाल बच गया। सूचना पर पुलिस गांव पहुंची। ग्रामीणों का कहना है कि पानी भरे गड्ढे में डूबने से बच्चे की मौत हुई है। बताया जा रहा है कि खनन करने वालों के दबाव में आकर परिवारीजनों ने बच्चे के बुखार से मरने की तहरीर दे दी। थानेदार विजय प्रताप यादव का कहना है कि सूचना मिली थी कि बच्चे की तालाब में डूबने से मौत हुई है, लेकिन पीड़ित परिवार ने बच्चे के बुखार से मौत होने की तहरीर दी है। बच्चा पानी में डूबा है कि नहीं, कहीं परिवारीजन किसी के दबाव या लालच में आकर गलत सूचना तो नहीं दी है। इसकी जांच की जा रही है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इंसेट
सई में डूबने से युवक की जान गई
राही (रायबरेली)। भदोखर थाना क्षेत्र में मंगलवार को सई नदी में डूबने से एक युवक की मौत हो गई। भुएमऊ गांव निवासी दीपक सिंह (40) की चाची ऊषा सिंह का एक पखवारे पहले निधन हो गया था। मंगलवार को उसका दसवां कार्यक्रम था। सभी सई नदी किनारे गए थे। नहाते वक्त दीपक सई नदी में डूब गया। काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया गया। थानेदार आरके सिंह का कहना है कि सई नदी में डूबने से युवक की मौत हुई है।