सलोन कोतवाल के खिलाफ धरने पर बैठे पूर्व मंत्री
बूथ अध्यक्ष पर जानलेवा हमले के मामले में 10 नामजद व 20 अज्ञात पर केस
अमर उजाला ब्यूरो
सलोन (रायबरेली)। भाजपा के बूथ अध्यक्ष पर जानलेवा हमला कर मारपीट किए जाने के बाद सलोन कोतवाल के कार्रवाई न करने पर पूर्व मंत्री एवं क्षेत्रीय भाजपा विधायक दल बहादुर कोरी समेत अन्य लोगों के साथ गमछा बिछाकर धरने पर बैठ गए। सूचना पर पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक ने विधायक को समझा बुझाकर मामले को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन विधायक जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक के आने व आरोपियों की गिरफ्तारी एवं सलोन कोतवाल को हटाये जाने पर अड़े रहे। उन्होंने कहा कि सलोन कोतवाल गुंडों की मदद कर रहे है। हालांकि बाद में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली।
सलोन कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सभा रग्घूपुर निवासी रमेश कुमार भाजपा का बूथ अध्यक्ष हैं। बूथ अध्यक्ष ने पुलिस को दी गयी तहरीर में आरोप लगाया कि सोमवार को सपा के कुछ कार्यकर्ता समेत लगभग एक दर्जन से अधिक लोग चार पहिया वाहन से आए और बीडीसी शिवपूजन जायसवाल को हाजिर करने की बात करने लगे। जानकारी देने व बीडीसी के बारे में अनभिज्ञता जताने पर सुशील सिंह, प्रभाकर सिंह, सौरभ सिंह, राम सजीवन यादव, संतोष समेत लगभग एक दर्जन लोगों ने जानलेवा हमला करते हुए मारपीट कर घायल कर दिया। कार्रवाई न होने पर बूथ अध्यक्ष ने घटना की जानकारी क्षेत्रीय विधायक दल बहादुर कोरी को दी। इस पर विधायक ने सलोन कोतवाल को मौके पर जाकर आरोपियों की गिरफ्तारी कर कार्रवाई किए जाने किए जाने के निर्देश दिए, लेकिन सलोन कोतवाल लक्ष्मीकांत मिश्रा की हीलाहवाली के बाद आरोपी भाग निकले। इससे नाराज क्षेत्रीय विधायक ने सलोन कोतवाली पहुंचकर कोतवाल को हटाए जाने को लेकर जमीन में ही अपना गमछा बिछाकर धरने पर बैठ गए।
क्षेत्र में जानकारी होते ही बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौके पर पहुंचकर सलोन कोतवाल के विरुद्ध जमकर नारेबाजी करने लगे। पुलिस ने बूथ अध्यक्ष रमेश कुमार की तहरीर पर आरोपी सुशील सिंह, सौरभ सिंह, प्रभाकर सिंह, रामसजीवन यादव, सदीप, संतोष, आशीष तिवारी, अंकित सिंह, राजू शुक्ला तथा सुनील शुक्ल समेत 15-20 अज्ञात के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। सीओ चरन सिंह का कहना है कि जांच के बाद मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी।