संदिग्ध हालात में विवाहिता लापता, हत्या की आशंका
- पिता ने ससुराल वालों के खिलाफ भिनगा कोतवाली में दी तहरीर
श्रावस्ती। भिनगा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम रामपुर ककरा निवासिनी एक विवाहिता रविवार को संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। सूचना पर पहुंचे उसके पिता ने पति, सास-ससुर आदि पर दहेज के लिए उसकी हत्या कर लाश गायब करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है।
भिनगा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम जरकुसहा के मजरा पांडेपुरवा निवासी चिंतामणि ने अपनी पुत्री साधना (22) का विवाह चार वर्ष पूर्व कोतवाली क्षेत्र के रामपुर ककरा निवासी विनय कुमार उर्फ सत्यदेव पुत्र अरुण कुमार से किया था। रविवार को साधना के ससुर पांडेपुरवा पहुंचे और चिंतामणि को बताया कि साधना कहीं चली गई है। साधना के मायके वाले उसकी ससुराल पहुंचे तो दरवाजे पर ताला लगा मिला। साधना की ससुराल के सभी लोग घर से फरार थे। इस पर चिंतामणि ने पति विनय कुमार, ससुर अरुण कुमार, चचेरे ससुर दिनेश कुमार व उनकी पत्नी, उत्तम कुमार व उसकी पत्नी पर दहेज के लिए साधना की हत्या कर लाश गायब करने का आरोप लगाते हुए इन सभी के खिलाफ थाने में तहरीर दी। चिंतामणि का आरोप है कि ससुरालीजनों द्वारा बाइक की मांग की जा रही थी। तीन दिन पूर्व चिंतामणि का भतीजा साधना को विदा कराने उसकी ससुराल गया था। मगर ससुराल वालों ने कहा कि, सोने की चेन देने के बाद ही साधना को मायके भेजा जाएगा। इतना ही नहीं कुछ दिन पहले ससुराल वालों ने साधना का बेड भी जला दिया था। चिंतामणि ने ससुराल वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके साधना को खोज निकालने की मांग की है। इस बारे में प्रभारी निरीक्षक भिनगा मनोज पांडेय का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही इसका खुलासा किया जाएगा।