मनरेगा कार्य में धांधली, निर्माण में लगा दी पीली ईंट
डीपीआरओ ने बीडीओ छतोह को दिए जांच के निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
परशदेपुर (रायबरेली)। मनरेगा से कराए जा रहे निर्माण कार्यों में जमकर धांधली की जा रही है। छतोह ग्राम सभा में हुए खड़ंजा निर्माण में प्रधान ने सांठगांठ करके पीली ईंट लगवा दिया। अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी की जांच में इसका खुलासा हुआ। अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी ने जांच रिपोर्ट में प्रधान पर दुर्व्यवहार करने का भी आरोप लगाया गया। डीपीआरओ ने बीडीओ छतोह को जांच करने के निर्देश दिए हैं।
सलोन तहसील क्षेत्र के छतोह ग्राम सभा में वित्तीय वर्ष 2016-17 में मनरेगा से 46.05 लाख से कार्य हुआ था। इसमें सामग्री अंश पर 22.47 लाख रुपये खर्च किया गया। अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी शिवेंद्र विक्रम सिंह ने जांच की तो देव नारायण के घर से मुख्य सड़क को जोड़ने के लिए बने खड़ंजा मार्ग पर 80 फीसदी पीली ईंट मिली। वहीं अन्य कराए गए कार्यों की जानकारी के लिए कोई सूचना बोर्ड नहीं मिला। अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी की निरीक्षण रिपोर्ट में प्रधान पर दुर्व्यवहार करने और ग्राम पंचायत सचिव, तकनीक सहायक और ग्राम रोजगार सेवक पर मिलीभगत का आरोप लगाया।
डीपीआरओ संजय कुमार यादव ने मामले को गंभीरता से लेते हुए छतोह बीडीओ को जांच करने के निर्देश दे दिए हैं। साथ ही जांच रिपोर्ट सीडीओ और मनरेगा उपायुक्त को भेजने के आदेश दिए हैं। बीडीओ इंद्रपाल ने बताया कि जल्द ही मामले की जांच करा ली जाएगी।