दो झोलाछाप के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
- स्वास्थ्य विभाग की टीम को छापे में नहीं मिली थी डिग्री
अमर उजाला ब्यूरो
रायबरेली। रोगियों की जिंदगी के साथ खिलवाड़ करने वाले दो झोलाछाप के खिलाफ सोमवार को केस दर्ज कराया गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 22 मई को हरचंदपुर ब्लॉक क्षेत्र में अबरार अली निवासी कठवारा, अंसार अली निास कंडौरा के यहां छापा मारा था। दोनों रोगियों का इलाज करते मिले थे, लेकिन डिग्री नहीं दिखा पाए थे।
सीएमओ डॉ. डीके सिंह के मुताबिक निरीक्षण के दौरान पाया गया था कि दोनों झोलाछाप चिकित्सा का कार्य करते हैं, लेकिन मौके पर दोनों चिकित्सा कार्य करने के लिए मान्य डिग्री नहीं दिखा पाए थे। इस पर दोनों से स्पष्टीकरण तलब किया गया था। जवाब में दोनों ने बताया कि अबरार अली फिजियोथेरेपिस्ट का डिप्लोमा प्राप्त है एवं अंसार अली आप्ट्रोमेट्रिस्ट का डिप्लोमा, जो कि सीधे मरीज के उपचार कर चिकित्सीय परामर्श देेने के लिए मान्यता योग्य नहीं है। सीएमओ का कहना है कि अबरार अली एवं अंसार अली द्वारा अवैध रूप से चिकित्सा कार्य करते हैं, जो कि झोलाछाप की श्रेणी में आता है। इस पर दोनों के खिलाफ हरचंदपुर थाने में केस दर्ज करा दिया गया है। मामले में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।