गंगा आरती में उमड़े लोग, किया दीपदान
गंगा दशहरा पर घाटों पर जमकर हुई आतिशबाजी
अमर उजाला ब्यूरो
डलमऊ (रायबरेली)। गंगा दशहरा पर रविवार को पथवारी घाट पर शाम को जमकर आतिशबाजी हुई। इस दौरान सड़क घाट गंगाद्वार से पथवारी घाट तक झंडा राम लगाया गया। गंगा चौकी बनाकर उसमें गंगा मां की प्रतिमा की झांकी का भव्य शृंगार किया गया। इसके बाद दीपदान और गंगा आरती हुई। इसमें लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
इससे पहले सड़क घाट, पथवारी घाट पर आकर्षक ढंग से सजावट की गई। लोगों ने गंगा दशहरा पर खूब आतिशबाजी की। इसके बाद श्रद्धालुओं ने 551 दीपदान किया। स्वामी देवेंद्रानंद गिरि की अध्यक्षता में संगीत के माध्यम से गंगा आरती हुई। इसमें लोगों ने बढ़-चढ़कर प्रसाद छका। इस दौरान मां गंगा पर भजन, संगीत आदि कार्यक्रम हुए। रायबरेली गंगा समग्र के जिला संयोजक शिव मोहन सिंह राठौर और प्रांत संयोजक लखनऊ के विशंभर दयाल की देखरेख में हुए कार्यक्रम में लोगाें का देर रात तक जमावड़ा लगा रहा। इस मौके पर स्वामी दिव्यानंद, राम चैतन्य, शिव शंकर तिवारी, रामबाबू गुप्ता, केके गुप्ता आदि मौजूद रहे।