बस और एसयूवी पलटी, 26 बाराती घायल
जमुनहा / गिलौला (श्रावस्ती)। मिहीपुरवा की नई बस्ती से बारात लेकर शुक्रवार देर शाम बांसगढ़ी जा रही बस कलकलवा मार्जिन बांध स्थिति त्रिकुन्नी मोड़ पर अनियंत्रित हो पलट गई। इसमें चौदह बाराती गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं शनिवार सुबह मल्हीपुर के सगरामरैला गांव से बारातियों को लेकर लौट रही एसयूवी बौद्ध परिपथ स्थित माजरे गांव के निकट अनियंत्रित हो पलट गई। हादसे में बारह बाराती गंभीर रूप से घायल हुए। सभी घायलों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
बहराइच के थाना मुर्तिहा अंतर्गत मिहीपुरवा के नई बस्ती निवासी ओमप्रकाश के पुत्र सुनील का विवाह शुक्रवार को मल्हीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम फत्तेपुर बनगई के मजरा बांसगढ़ी निवासी दुगीन मल्लाह की पुत्री से होना था। बारातियों को लेकर जा रही बस मल्हीपुर के कलकलवा मार्जिन बांध स्थित त्रिकुन्नी मोड़ पर अनियंत्रित हो पलट गई। बस में करीब सौ बाराती सवार थे। इनमें से बाराबंकी के थाना रामगांव अंतर्गत मोम्मदा निवासी महेंद्र, बहराइच के सुजौली क्षेत्र निवासी राम चंदर, नई बस्ती निवासी अनिल, शेखचंद्र, जयराम, राम, तपेलाल, विनायक, सनी देवल, ओम प्रकाश, अशोक व रामपुर रतहिया निवासी बृजमोहन, लालू गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची मल्हीपुर पुलिस ने घायलों को सीएचसी मल्हीपुर में भर्ती कराया। उधर बलरामपुर के थाना महराजगंज अंतर्गत चंदनपुर बरगदही निवासी लल्लू पाठक के पुत्र पुल्लुर पाठक का विवाह शुक्रवार को मल्हीपुर थाना क्षेत्र के सगरामरैला गांव में हुआ है। शनिवार सुबह बारातियों को लेकर लौट रही एसयूवी बौद्ध परिपथ पर माजरे गांव के निकट मोटर साइकिल सवार को बचाने के चक्कर में पलट गई। हादसे में भिनगा के भरथा बेलभरिया निवासी चंदन, ललिया के लखनपुर निवासी अजय कुमार, बच्छराज, परागदत्त, ओम प्रकाश, अनुपम, दिव्यांस, रामानंद, चालक ललिया के घुमनहवा निवासी शमशाद, महदेइया निवासी राम सेवक, रामगढ़ ऐठहवा निवासी जगत राम व ओमप्रकाश गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से सभी घायलों को सीएचसी गिलौला लाया गया। जहां से बाद में परागदत्त की हालत गंभीर होने के कारण उसे भिनगा जिला अस्पताल रेफर किया गया। शेष का इलाज चल रहा है।