रायबरेली। उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के जिलाध्यक्ष बसंत सिंह बग्गा ने कहा है कि, एफएसडीए में घूसकांड के मामले में डीओ शशांक त्रिपाठी और एफएसओ अरुण कुमार को बचाने की कोशिश की जा रही है। एफआईआर में नाम होने के बाद भी अभी तक इनकी गिरफ्तारी नहीं की जा रही है। घूसकांड का खुलासा करने वाले नमकीन व्यवसायी विजय रस्तोगी को मुकदमा वापस लेने के लिए धमकाया जा रहा है। इसको लेकर कतई चुप नहीं बैठा जाएगा। सोमवार को सुपर मार्केट के एक होटल में प्रेसवार्ता के दौरान जिलाध्यक्ष ने ये बातें कहीं।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि, एफएसडीए में तैनात बाबू संजय कुमार को जून में नमकीन व्यवसायी विजय रस्तोगी की शिकायत पर एंटी करप्शन टीम ने 50 हजार रुपये घूस लेते रंगे हाथ पकड़ा था। मामले में डीओ व एफएसओ लालगंज के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जा रही है। दोनों अफसरों पर कार्रवाई को लेकर एसपी से लेकर डीएम तक से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन उन्हें बचाने की कोशिश की जा रही है। इसके विरोध में 19 जून को लालगंज में धरना-प्रदर्शन, 20 को जिला मुख्यालय के शहीद चौक पर धरना व कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च निकाला जाएगा। 22 जून को एफएसडीए का पुतला दहन किया जाएगा। 25 जून तक कार्रवाई नहीं होने पर 26 जून को लखनऊ में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इस मौके पर मनोज गुप्ता, अतुल श्रीवास्तव, दिलीप सिंह, विजय सोनकर आदि मौजूद रहे।