बहराइच/रामगांव। बारातियों से भरी बस शनिवार देर रात को अनियंत्रित होकर पलट गई। बस में सवार एक बाराती की मौत हो गई। हादसे में 42 लोग घायल हुए हैं। घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया है। छह की हालत नाजुक है।
रामगांव थाना अंतर्गत कोरिनपुरवा गांव निवासी विनोद का विवाह थाना क्षेत्र के कुसौर गांव निवासी पुष्पा से तय हुआ था। शनिवार देर शाम को बारात कोरिनपुरवा गांव को रवाना हुई।
बारातियों से भरी बस जब रामगांव थाना अंतर्गत नानपारा-बहराइच मार्ग पर गंभीरवा बाजार के पास पहुंची, तभी टेपरा गांव के पास एक वाहन को बचाने में बस अनियंत्रित होकर पलट गई। चीख पुकार मच गई। आसपास के लोग दौड़े।
बस में सवार सोनवा थाना क्षेत्र के इटकौरी गांव निवासी वकील (30) की मौके पर ही मौत हो गई। 42 बाराती घायल हुए हैं।
थानाध्यक्ष ब्रह्मानंद सिंह दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया है। उनकी पहचान नहीं हो सकी है।