टोला प्लाजा पर गार्ड को पुलिसकर्मी ने जड़ा तमाचा
बाराबंकी। टोल प्लाजा से निकल रही बिना नंबर की कार को रोकना यहां के गार्ड को महंगा पड़ गया। कार सवार नेता की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी ने गार्ड को तमाचा जड़ दिया और उसे धमकाते हुए चला गया। मामले की शिकायत पुलिस से नहीं की गई है।
जैदपुर थाना क्षेत्र स्थित अहमदपुर टोल प्लाजा पर शुक्रवार रात बिना नंबर की एक कार लखनऊ की ओर से आई तो लेन गार्ड पवनकांत ने उसे रोक लिया। इस पर कार सवार वर्दी धारी पुलिसकर्मी व गार्ड के बीच कहासुनी होने लगी।
इस बीच कार से उतरकर पुलिसकर्मी ने गार्ड को तमाचा जड़ दिया और कहा कि नेताजी की कार भी नहीं निकाल सकते। इसके बाद बिना टोल टैक्स दिए ही कार सवार लोग चले गए।
टोल प्लाजा मैनेजर एएस चौहान ने बताया कि, कार सवार एक सुरक्षाकर्मी द्वारा गार्ड को तमाचा मारने का मामला सामने आया है। इस संबंध में अभी तक कोई शिकायत नहीं दर्ज कराई गई है।