बौंडी/रामगांव। पति की मौत के बाद मायके में रह रही महिला की बुधवार सुबह गला रेतकर हत्या कर दी गई। इस मामले में मृतका के भाई ने ससुर और देवर को नामजद करते हुए केस दर्ज कराया है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। डाक स्क्वॉयड और फोरेंसिक टीम ने पहुंचकर घटनास्थल को खंगाला है। महिला की हत्या से क्षेत्र के लोग दहशत में हैं।
बौंडी थाना अंतर्गत केला गांव कौड़हा निवासी शिवरानी उर्फ शिव देवी उर्फ श्यामावती (28) के पति शिवकुमार की एक साल पूर्व बीमारी के कारण मौत हो चुकी है।
शिवरानी अपनी ढाई वर्षीय बेटी के साथ मायके केला गांव में रहती थी। बुधवार सुबह शिवरानी नित्यक्रिया के लिए घर से निकली, लेकिन वापस नहीं लौटी।
काफी देर तक शिवरानी के घर न पहुंचने पर उसके भाई बाबू व परिवार के अन्य सदस्यों ने खोजबीन की तो घर से आधा किलोमीटर की दूरी पर उसका शव क्षत-विक्षत हालत में मिला। गला रेता हुआ था।
सूचना पर सीओ बीबी सिंह व बौंडी थानाध्यक्ष आरपी सोनकर टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी ने बताया कि मृतका के भाई बाबू ने उसके ससुर व देवर हत्या का आरोप लगाया है। भाई का कहना है कि पति की मौत के बाद उसकी बहन को ससुराल के लोग प्रताड़ित करने लगे थे, जिससे वह मायके आकर रहने लगी।
इस पर ससुराल के लोग विदा कराने के लिए दबाव बना रहे थे। इसके लिए ससुराल पक्ष की ओर से शिवरानी को कई बार धमकी भी दी गई।
सीओ ने बताया कि भाई की तहरीर पर हत्या का केस दर्ज कर बहोरवा गांव निवासी आरोपी ससुर सुखदेव व देवर कल्लू को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई है।
मौके पर डाक स्क्वॉयड व फोरेंसिक टीम बुलाई गई थी। टीम ने नमूना एकत्रित कर लिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।